विद्यालय से संबंधित भ्रामक समाचार का विद्यालय प्रशासन ने किया खंडन
विद्यालय से संबंधित भ्रामक समाचार का विद्यालय प्रशासन ने किया खंडन
- विंध्याचल एकेडमी ने दी स्पष्टता, शिक्षिका को बताया निरपराध
भोपाल। प्रसिद्ध निजी विद्यालय विंध्याचल एकेडमी, कोलार ने एक स्थानीय दैनिक में प्रकाशित उस समाचार का खंडन किया है, जिसमें यह उल्लेख किया गया था कि कक्षा पांचवीं के एक छात्र को शिक्षिका द्वारा चोट पहुँची है। विद्यालय प्रशासन ने इसे भ्रामक, तथ्यहीन और प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाला करार दिया है।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी अधिकारिक बयान में स्पष्ट किया गया कि यह घटना लंच समय में छात्रों के आपसी खेल-खेल में हुई धक्का-मुक्की का परिणाम थी। दोनों छात्रों ने स्वयं स्वीकार किया है कि यह आपसी टकराव था, और इसमें किसी भी शिक्षिका की कोई भूमिका नहीं थी।
प्राचार्य ने कहा कि इस प्रकार के एकतरफा और अपुष्ट समाचार से न केवल विद्यालय की छवि को ठेस पहुँचती है, बल्कि निर्दोष शिक्षकों की सामाजिक प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है।
प्रबंधन ने यह भी आग्रह किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की विद्यालय संबंधी खबर विद्यालय के आधिकारिक वक्तव्य या अनुमति के बिना प्रकाशित न की जाए।
