रोटरी क्लब भोपाल हिल्स द्वारा आयोजित "ऑर्बिट 2025 – बिज़नेस कॉन्क्लेव" में उद्यमिता, नवाचार और नेटवर्किंग का संगम

 

 

भोपाल हेडलाइंस 

संतोष योगी की खबर 

 

रोटरी क्लब भोपाल हिल्स द्वारा दिनांक 30 अगस्त 2025 को BSSS इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज़, भोपाल में "ऑर्बिट 2025 – ए बिज़नेस कॉन्क्लेव" का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अध्यक्ष रोटेरियन हर्ष मित्तल की अध्यक्षता में तथा डीजीई रोटेरियन संस्कार कोठारी एवं सह-अध्यक्ष रोटेरियन तन्मय शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

यह एक दिवसीय व्यावसायिक सम्मेलन आर्थिक और सामुदायिक विकास को समर्पित था, जिसमें उद्यमियों, उद्योगपतियों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों, रोटेरियनों और छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम में व्यापार के महत्वपूर्ण पहलुओं - लोग, प्रक्रिया और लाभ, पर आधारित ज्ञानवर्धक सत्रों का आयोजन किया गया। इन सत्रों में प्रतिभागियों को अपने व्यवसाय को स्थायित्व और विस्तार की दिशा में ले जाने हेतु व्यावहारिक सुझाव व मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

मुख्य वक्ताओं में प्रमुख रूप से श्री आनंद प्रकाश चौकसे (चेयरमैन, ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल), डॉ. संजीव खन्ना (मुख्य परिचालन अधिकारी, पतंजलि फूड्स), और डॉ. राकेश कैन शामिल रहे, जिन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से युवा व्यवसायियों को प्रेरित किया।

इसके अतिरिक्त श्री प्रतीक शर्मा, श्री राहुल श्रीवास्तव, तथा डॉ. राजीव अग्रवाल द्वारा संचालन, विपणन, वित्त, प्रौद्योगिकी एवं मानव संसाधन जैसे क्षेत्रों में विशेष मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए गए, जिससे प्रतिभागियों को वास्तविक व्यावसायिक समस्याओं का समाधान समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही ‘ऑर्बिटेड टॉक्स’, जहाँ प्रेरक वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए, साथ ही खुले मंचों और नेटवर्किंग सेशनों के माध्यम से उपस्थितजनों को एक-दूसरे से जुड़ने और संभावित सहयोग के नए द्वार खोलने का अवसर प्राप्त हुआ।

यह सम्मेलन ज्ञान, प्रेरणा और नवाचार से परिपूर्ण एक ऐसा मंच सिद्ध हुआ जिसने न केवल युवा उद्यमियों के दृष्टिकोण को विस्तृत किया, बल्कि रोटरी के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान हेतु किए जा रहे कार्यों को भी दृढ़ता से प्रस्तुत किया।