हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की, विमान में सवार होकर निकले नंदलाला
हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की, विमान में सवार होकर निकले नंदलाला
भोपाल हेडलाइंस
सिराली संवाददाता संजय योगी की खबर
सिराली। परंपरा अनुसार डोल ग्यारस पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण विमान में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। नगर के मुख्य मार्गों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा, पूजन और प्रसादी चढ़ाकर नंदलाला का वंदन किया। शोभायात्रा के दौरान “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” एवं “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा में श्रीराम मंदिर, बजरंग मंदिर, हनुमान बार्ड, पुराना बस स्टैंड सहित कई स्थानों के विमानों को विद्युत सज्जा और पुष्पों से सजाया गया। समिति और श्रद्धालुओं द्वारा सजे विमानों में नंदलाला को विराजित कर यात्रा नगर की चौपाटी, दाना बाबा, मुख्य बाजार, किसानी मोहल्ला, मेघनाथ चौक होते हुए गोंगई नदी तट पहुंची। यहां भगवान का पूजन-अर्चन कर तिलभाडेश्वर महादेव मंदिर में विराजमान कराया गया, जहां देर शाम तक श्रद्धालु माता-बहनों ने आरती उतारी।
इधर, समीपवर्ती ग्राम विक्रमपुर कला में भी श्रीराम मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण का विमान सजाकर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। स्थानीय भजन मंडली नृत्य और गीत प्रस्तुत करती हुई विमान के आगे-आगे चल रही थी। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक शोभायात्रा में भाग लिया।
वहीं, ग्राम आमासेल में डोल ग्यारस पर्व बड़े ही श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी पूरे गांव में निकाली गई। झांकी में बाल लीलाओं का आकर्षक चित्रण किया गया, जिसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

गांव की महिलाओं और युवाओं ने मिलकर झांकी को सजाया और जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर भगवान का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और भजनों की गूंज के बीच गांव का वातावरण पूर्णतः भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।
