नगर निगम भोपाल में प्रतिनियुक्त अधिकारियों की वापसी की मांग, संघ करेगा आंदोलन

 

भोपाल हेडलाइंस संतोष योगी की खबर 

 

 

भोपाल।

मध्य प्रदेश शासकीय वाहन चालक, यांत्रिक कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री साबिर खान ने बताया कि नगर निगम भोपाल में प्रतिनियुक्ति पर आए अधिकारियों को उनके मूल विभागों में वापस भेजने के लिए संघ आंदोलन करेगा।

 

श्री खान ने कहा कि प्रतिनियुक्ति पर आए इन अधिकारियों से निगम को कोई लाभ नहीं हुआ है, बल्कि उनके वेतन, भत्ते और सुविधाओं के कारण निगम पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। इसके चलते निगम कर्मचारियों का हित भी प्रभावित हुआ है।

 

उन्होंने बताया कि कई अधिकारी 3 वर्ष की अवधि के लिए प्रतिनियुक्ति पर आए थे, लेकिन वर्षों से निगम में टिके हुए हैं और लौटने का नाम नहीं ले रहे हैं। इनसे निगम को लगातार आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

 

संघ अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ संगठन एकजुट होकर आंदोलन करेगा और उनके कार्यकलापों को उजागर करते हुए माननीय मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, नगरीय प्रशासन मंत्री और प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन को अवगत कराया जाएगा।

 

साबिर खान ने बताया कि शीघ्र ही संगठन पदाधिकारियों की बैठक कर आंदोलन की औपचारिक घोषणा करेगा।