श्रीमद् भागवत कथा के द्वितीय दिवस पर कपिल मुनि आख्यान और ध्रुव चरित्र का हुआ वर्णन
श्रीमद् भागवत कथा के द्वितीय दिवस पर कपिल मुनि आख्यान और ध्रुव चरित्र का हुआ वर्णन
भोपाल हेडलाइंस संतोष योगी की खबर
भोपाल।
बंजारी चौराहा स्थित श्री सिद्धेश्वर सांई हनुमान मंदिर प्रांगण में चल रही सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के द्वितीय दिवस पर भागवताचार्य डॉ. निलिम्प त्रिपाठी जी ने श्रद्धालुओं को कथा रसपान कराया।
उन्होंने कपिल मुनि आख्यान का वर्णन करते हुए राजा प्रियव्रत एवं उत्तानपाद की कथा सुनाई। इस दौरान उन्होंने समझाया कि हम सब उत्तानपाद हैं, जिसका अर्थ है ऊपर पैर और नीचे सिर करके जन्म लेना। सुनीति और सुरुचि रानियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सुनीति बुद्धिमानी की बड़ी रानी है, जबकि सुरुचि मनमानी की छोटी रानी है। इसी क्रम में उन्होंने ध्रुव चरित्र पर भी प्रकाश डाला।
मंदिर पुजारी वैदिक आचार्य पंडित देवेंद्र दुबे ने बताया कि कथा के मध्यान्ह काल में सर्वपितृ प्रसन्नार्थ देवर्षि मनुष्य पितृ तर्पण का आयोजन हुआ, जिसमें दानिश हिल्स निवासी श्री ललित कुमार शुक्ला ने अपने पितरों का विधिवत तर्पण किया।
कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होकर शाम 6 बजे तक चलती है। इसके उपरांत आरती एवं प्रसाद वितरण होता है। संपूर्ण व्यवस्था श्री विष्णु कांत वर्मा जी द्वारा की जा रही है।
आशीर्वाद कॉलोनी, दानिश हिल्स, बंजारी कॉलोनी सहित दूर-दराज से आए भक्तजन श्रीकृष्ण कथा का रसपान कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
कथा श्रवण हेतु सभी श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रण।
