भगवान विश्वकर्मा पूजन महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, 17 सितम्बर को देशभर में होगा भव्य आयोजन
17 सितम्बर को देशभर में गूंजेगा विश्वकर्मा पूजन महोत्सव, मध्यप्रदेश के कई शहरों में जोरदार तैयारियां
भोपाल हेडलाइंस, संतोष योगी की खबर
भोपाल।
भगवान विश्वकर्मा पूजन महोत्सव 17 सितम्बर 2025 को पूरे देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। ओम श्री विश्वकर्मा विकास परिषद भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिशंकर विश्वकर्मा के नेतृत्व में समाज की विभिन्न संस्थाओं और संगठनों ने भव्य तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सतना, टीकमगढ़ समेत सभी संभागीय और नगरीय क्षेत्रों में विशाल आयोजन प्रस्तावित हैं। इस अवसर पर समाजजन एकत्र होकर भगवान विश्वकर्मा का पूजन-अर्चन करेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का रचयिता और विज्ञान का ज्ञाता माना जाता है। कहा जाता है कि उन्होंने न केवल सम्पूर्ण सृष्टि की रचना की बल्कि द्वारका पुरी जैसी अद्भुत नगरी का भी निर्माण किया।
आयोजन समितियों के अनुसार इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करना है। विभिन्न शहरों में शोभायात्रा, सामूहिक पूजन, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि इस वर्ष का विश्वकर्मा पूजन महोत्सव ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा और इसमें समाज के हजारों लोग सक्रिय भागीदारी करेंगे।
