भूतपूर्व छात्र-छात्राओं ने शिक्षक श्री अखिलेश कुमार मन्नासे का किया सम्मान

 

भोपाल हेडलाइंस सिराली संवाददाता संजय योगी की खबर 7805953532

 

 

रहटाकलां, 10 सितम्बर 2025 — शासकीय हाईस्कूल रहटाकलां में शिक्षक दिवस के अवसर पर भूतपूर्व विद्यार्थियों ने अपने प्रिय शिक्षक श्री अखिलेश कुमार मन्नासे को सम्मानित कर गुरु-शिष्य परंपरा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य श्री दिनेश साह ने की, जबकि मुख्य अतिथि स्वयं श्री मन्नासे और विशेष अतिथि के रूप में भूतपूर्व शिक्षिका श्रीमती मंजूषा यादव उपस्थित रहीं। मंच संचालन कक्षा 10वीं की छात्राओं ने किया।

 

समारोह की शुरुआत में पूर्व विद्यार्थियों ने पुष्पमाला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर श्री मन्नासे का स्वागत किया। विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि श्री मन्नासे के मार्गदर्शन से उन्हें जीवन में सही दिशा मिली और वे समाज में पहचान बनाने में सफल हुए।

 

वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती राजकुमारी चौरे ने श्री मन्नासे के 14 वर्षों के समर्पित कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि सभी शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से स्कूल को जिले के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में शामिल किया गया है। संस्था को बेहतर परीक्षा परिणामों के लिए गणतंत्र दिवस पर कलेक्टर द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।

 

इस अवसर पर भूतपूर्व शिक्षिका श्रीमती मंजूषा यादव को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

 

अपने संबोधन में श्री मन्नासे ने कहा— “मेरा उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पढ़ाना नहीं था, बल्कि अपने छात्रों को एक बेहतर इंसान बनाना था। आप सबको सफल देखकर मुझे गर्व महसूस हो रहा है।”

 

समारोह में वर्तमान शिक्षक-शिक्षिकाएँ श्रीमती लुनिया, श्रीमती मीना शाह, श्रीमती अनिता छलोत्रे, श्रीमती मेघा चैतन्य, श्री जितेन्द्र मालवीय सहित अनेक पूर्व छात्र मौजूद रहे। इनमें रोहित सेन (विहिप), भाजपा युवा नेता दिलीप गुर्जर, संदीप सांगोले, गणेश विश्वकर्मा, दीपक गुर्जर, वीरेन्द्र नागले, आकाश विश्वकर्मा, गौविन्द पारीक, रोहित सेन और विशाल सेन प्रमुख रहे।

 

अंत में शिक्षक श्री विवेक व्यास ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और पूर्व छात्रों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन केवल सम्मान समारोह ही नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को पुनर्जीवित करने का सुंदर प्रयास बन गया।