सिराली की शान बेटी शिवानी उईके बनी डिप्टी कलेक्टर, पहले ही प्रयास में पाई सफलता

 

भोपाल हेडलाइंस ब्यूरो चीफ संजय योगी की खबर

 

सिराली/हरदा। जिले की शान और सिराली नगर की होनहार बेटी शिवानी उईके ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) 2024 की परीक्षा में शानदार सफलता अर्जित कर डिप्टी कलेक्टर पद प्राप्त किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से परिवार सहित पूरे जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।

शिवानी उईके के पिता देवेकरण उईके जो वर्तमान में हंडिया थाने में उप निरीक्षक (एसआई) पद पर पदस्थ हैं, ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि शिवानी ने कठिन परिश्रम और लगन से उनका सपना पूरा किया है।

 

शिवानी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सिराली से प्राप्त की, उसके बाद भोपाल के सरोजिनी नायडू कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई पूरी की और इंदौर में रहकर एमपीपीएससी की तैयारी की। विशेष बात यह है कि उन्होंने यह सफलता पहले ही प्रयास में अर्जित की है।

 

इंदौर से प्रोफेसर आशुतोष ओझा ने बताया कि शिवानी ने निरंतर अध्ययन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है और एमपी में टॉपर के रूप में अपना नाम दर्ज कराया है।

 

उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। सिराली के विद्या विहार कॉलोनी में शिवानी का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर माताएं, बहनें और सैकड़ों की संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और उन्होंने पुष्प गुच्छ भेंट कर शिवानी का अभिनंदन किया।

 

शिवानी उइके अब न केवल सिराली बल्कि पूरे जिले की प्रेरणा बन गई हैं और युवाओं के लिए एक आदर्श मिसाल प्रस्तुत कर रही हैं।