बरखेड़ा ई सेक्टर में सीवेज सिस्टम फेल — बीएचईएल आवासों में नारकीय स्थिति चार माह से बदहाल सीवेज व्यवस्था से जूझ रहे हैं कर्मचारी परिवार, शिकायतों के बाद भी नहीं जागा प्रबंधन
बरखेड़ा ई सेक्टर में सीवेज सिस्टम फेल — बीएचईएल आवासों में नारकीय स्थिति
चार माह से बदहाल सीवेज व्यवस्था से जूझ रहे हैं कर्मचारी परिवार, शिकायतों के बाद भी नहीं जागा प्रबंधन
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल गोविंदपुरा बीएचईएल उद्योग नगरी के बरखेड़ा ई सेक्टर में कर्मचारियों के लिए बने आवासों की हालत बदतर हो गई है। यहां लगभग 20 से 40 परिवार सीवेज सिस्टम फेल होने की वजह से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। ये आवास बीएचईएल द्वारा अपने स्थाई व अस्थाई कर्मचारियों को किराए पर आवंटित किए जाते हैं, और दावा किया जाता है कि हर प्रकार की मूलभूत सुविधा — पानी, साफ-सफाई, शौचालय और बिजली — उपलब्ध कराई जाएगी। लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट है।
पिछले दो से चार महीनों से यहां की सीवेज लाइन जाम पड़ी है, जिसके कारण शौचालयों का उपयोग करना बेहद मुश्किल हो गया है। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि इन परिवारों को मजबूरन सार्वजनिक सुलभ शौचालयों का सहारा लेना पड़ रहा है।
समस्या सुनने पहुंचीं
समाजसेविका मृणालिनी सिंह सेंगर जब मौके पर पहुंचीं तो उन्होंने रहवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह मानवाधिकारों का उल्लंघन है और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रबंधन से शिकायत, मिला ताना
रहवासियों का कहना है कि उन्होंने बीएचईएल नगर प्रशासन, संपदा अधिकारी एवं सिविल विभाग बरखेड़ा से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जब भी कोई शिकायत लेकर जाते हैं, तो उन्हें उल्टा यह कहा जाता है कि “आवास खाली कर दीजिए।” इससे कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है।
“कब जागेगा प्रबंधन?”
स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि बीएचईएल प्रबंधन और संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं। अधिकारियों की लापरवाही और संवेदनहीनता के कारण कर्मचारी और उनके परिवार नारकीय स्थिति में रहने को मजबूर हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि — क्या बीएचईएल प्रबंधन इन शिकायतों पर संज्ञान लेगा क्या यह अधिकारी कभी अपनी नींद से जागेंगे या फिर कर्मचारियों को ऐसे ही नारकीय जीवन जीते रहना पड़ेगा
