"छोटी बातों को न बनने दें बड़ा विवाद, मुख्यमंत्री लें संज्ञान" — शमशुल हसन प्रदेश की बिगड़ती स्थिति पर ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक ने जताई चिंता
"छोटी बातों को न बनने दें बड़ा विवाद, मुख्यमंत्री लें संज्ञान" — शमशुल हसन
प्रदेश की बिगड़ती स्थिति पर ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक ने जताई चिंता
भोपाल हैडलाइंस संतोष योगी की खबर
99932 68143
भोपाल।
मध्य प्रदेश में लगातार सामने आ रहे विवादों और तनावपूर्ण घटनाओं को लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कब्रिस्तान, श्मशान, मस्जिद या गणेश उत्सव जैसी संवेदनशील बातों को लेकर जानबूझकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, जो भविष्य में बड़े संकट का कारण बन सकता है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि "मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इन मुद्दों पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो यह हालात प्रदेश की गंगा-जमुनी तहजीब को नुकसान पहुंचा सकते हैं।"
शमशुल हसन ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर कुछ नेता व्यक्तिगत रंजिश के चलते छोटे-छोटे मुद्दों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं। "चाहे वह मूर्ति खंडित करने की घटना हो या धार्मिक स्थलों को लेकर विवाद — यह सब जानबूझकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास हैं," उन्होंने कहा।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि प्रदेश की खुफिया एजेंसियां मुख्यमंत्री तक समय रहते सही जानकारी नहीं पहुंचा पा रही हैं, जिससे हालात समय रहते काबू में नहीं आ पा रहे। साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में चल रही गुटबाजी को भी इन परिस्थितियों का एक प्रमुख कारण बताया।
"जब तक पार्टी के भीतर की खींचतान खत्म नहीं होगी, तब तक स्थिर और मजबूत शासन संभव नहीं है," उन्होंने स्पष्ट किया।
शमशुल हसन ने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे व्यक्तिगत रूप से इस ओर ध्यान दें और प्रशासन, पुलिस और खुफिया तंत्र की भूमिका को मजबूत करें, ताकि प्रदेश में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।
"मध्य प्रदेश हमेशा से शांति और भाईचारे का प्रतीक रहा है। हमें मिलकर इसकी गंगा-जमुनी तहजीब को सुरक्षित रखना है," उन्होंने अंत में कहा।
