*महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यानंद गिरी महाराज का कांग्रेस पर हमला, बोले*

 

*गौ रक्षा पर नाटक बंद करें जीतू पटवारी, किसानों को भी निभानी होगी जिम्मेदारी*

 

संतोष योगी की खबर 

 99932 68143

 

 

*भोपाल।* पंचायती निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यानंद गिरी महाराज ने प्रदेश में गौ माता को लेकर चल रही सियासी बयानबाज़ी पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने पहली बार गौ माता के खर्च के लिए 40 रुपए प्रतिदिन देने का प्रावधान कर एक सार्थक कदम उठाया है। इसे लेकर विपक्ष की अनावश्यक राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण है।

स्वामी वैराग्यानंद गिरी ने कहा कि आजकल कई लोग गौ रक्षा की दुहाई देकर दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने करपात्री जी महाराज पर गोली चलाने वालों को ही आज गौ रक्षा का ढिंढोरा पीटते देख कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा, ये वही लोग हैं जो कभी नर्मदा के नाम पर, कभी गौ माता के नाम पर और कभी भारतीय संस्कृति के नाम पर ढोंग करते रहे हैं। जनता को ऐसे कालनेमि और नकलचियों से सावधान रहना चाहिए।

महामंडलेश्वर ने आगे कहा कि गौ रक्षा केवल सरकार का कर्तव्य नहीं है। किसानों और आम समाज को भी इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सचमुच गौ माता की रक्षा करनी है तो किसानों को अपने घरों में गौपालन की परंपरा को मजबूत करना होगा। सड़कों पर गौ माता का डेरा जमाना समाज और किसानों दोनों की लापरवाही का परिणाम है। गौपालन आज किसानों की जरूरत है, यह सिर्फ सरकार पर नहीं छोड़ा जा सकता।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए स्वामी वैराग्यानंद गिरी ने कहा कि श्री पटवारी पहले यह बताएं कि उनके घर में कितनी गौ माता हैं। प्रदेश को बांटने की बात करने वाले पटवारी जी पहले अपने बिखरे हुए कुनबे को तो समेट कर दिखाएं।

महामंडलेश्वर ने कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि वे गौ माता जैसे आस्था और संवेदना के विषयों पर राजनीति करना छोड़ें और प्रदेश की जनता को गुमराह करने के बजाय वास्तविक संरक्षण के प्रयासों में सहयोग दें।