भोपाल वार्ड 26 को मिली बड़ी सौगात, अमृत 2.0 योजना से ₹6 करोड़ की जल परियोजनाएं शुरू

 

संतोष योगी की खबर 9993268143

 

भोपाल, 26 सितंबर। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी ने शुक्रवार को वार्ड 26 के बरखेड़ी कला क्षेत्र में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत लगभग ₹6 करोड़ की लागत से बनने वाली पानी की टंकी, पाइपलाइन और अन्य निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।

 

कार्यक्रम में वार्ड 26 की पार्षद श्रीमती राजमणि उइके सहित पार्टी पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। शुभारंभ के अवसर पर विधायक सबनानी ने कहा कि अमृत 2.0 योजना केवल एक निर्माण योजना नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के नागरिकों को पीने के पानी और सीवेज जैसी मूलभूत सुविधाओं से स्थायी राहत देने का प्रयास है।

 

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में क्रियान्वित हो रही यह बहुउद्देश्यीय योजना हर घर तक स्वच्छ जल और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था पहुंचाने का संकल्प है।

 

विधायक ने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र को स्वच्छ, सुविधासंपन्न और आधुनिक बनाना है, जिससे नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि आने वाले समय में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में और भी विकासपरक योजनाएं लागू की जाएंगी, जिनसे जनता को सीधा लाभ मिलेगा।