मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खिरकिया से 8.45 लाख विद्यार्थियों को दी 489 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खिरकिया से 8.45 लाख विद्यार्थियों को दी 489 करोड़ की सौगात
संजय योगी की खबर
हरदा/खिड़कियां
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के निजी स्कूलों में पढ़ने वाले हर चौथे बच्चे को शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत फीस प्रतिपूर्ति की जा रही है। यह राशि बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए फिक्स डिपॉजिट की तरह काम करेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से बेहतर अध्ययन कर उज्ज्वल भविष्य गढ़ने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भावांतर योजना से किसानों को अब सोयाबीन की फसल का पूरा दाम मिलेगा और किसी किसान को नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा। साथ ही, अगले शैक्षणिक सत्र से निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को कम कीमत पर किताबें उपलब्ध कराई जाएँगी।
सोमवार को खिरकिया के एक निजी विद्यालय सीयोन रे में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक क्लिक में 8 लाख 45 हजार बच्चों के लिए 489 करोड़ रुपये की राशि प्रदेश के 20 हजार से अधिक अशासकीय विद्यालयों को अंतरित की।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, विधायक हरदा डॉ. आर.के. दोगने, पूर्व मंत्री कमल पटेल, पूर्व विधायक टिमरनी संजय शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
दो विद्यालयों को मिले सांकेतिक चेक
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शांति निकेतन हायर सेकंड्री स्कूल छीपाबड़ को 62 विद्यार्थियों के लिए 4,01,593 रुपये तथा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर खिरकिया को 59 विद्यार्थियों के लिए 3,61,979 रुपये की फीस प्रतिपूर्ति के सांकेतिक चेक भेंट किए।
विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने खिरकिया में 18.51 करोड़ रुपये की लागत से 5 विकास कार्यों का भूमि पूजन किया, जिनमें हाई स्कूल भवन कायदा, महाविद्यालयीन बालक छात्रावास टिमरनी, नवीन 33/11 केव्ही खामापड़वा उपकेन्द्र, नवीन जनपद पंचायत भवन टिमरनी व खिरकिया शामिल हैं।
इसके साथ ही 5.72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र धनवाड़ा तथा नवीन 33/11 केव्ही भवरास उपकेन्द्र का लोकार्पण किया।
जनजातीय कलाकारों का स्वागत और सम्मान
हरदा आगमन पर जनजातीय कलाकारों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक लोक-संस्कृति के साथ आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रत्येक कलाकार को 5-5 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय राज्य मंत्री डी.डी. उइके, शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और पूर्व मंत्री कमल पटेल के साथ "एक पेड़ माँ के नाम
" अभियान के तहत पौधा लगाया।
