वाल्मीकि जयंती पर ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी का बड़ा ऐलान – भोपाल में भगवान वाल्मीकि की प्रतिमा स्थापना का खर्च वहन करेगी कमेटी

 

 

संतोष योगी की खबर 

99932 68143

 

वाल्मीकि जयंती के अवसर पर ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने एक बड़ा और ऐतिहासिक ऐलान किया है। कमेटी के राष्ट्रीय संरक्षक शमशुल हसन ने कहा कि भोपाल शहर में भगवान वाल्मीकि जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उनके महान योगदान और आदर्श जीवन से प्रेरणा ले सकें।

शमशुल हसन ने अपने बयान में कहा भगवान वाल्मीकि न केवल रामायण के रचयिता हैं, बल्कि उन्होंने भारतीय समाज को सत्य, नैतिकता और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाया है। ऐसे महापुरुष की प्रतिमा राजधानी भोपाल में स्थापित होना आवश्यक है।”

 

पूरा खर्च उठाएगी कमेटी

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार प्रतिमा स्थापना की योजना बनाती है और उपयुक्त स्थान निर्धारित करती है, तो प्रतिमा निर्माण और स्थापना पर होने वाला पूरा खर्च ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी स्वयं उठाएगी।

धार्मिक सौहार्द का उदाहरण

यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब 07 अक्टूबर 2025 को भोपाल में भव्य वाल्मीकि जयंती चल समारोह का आयोजन किया जा रहा है। मुस्लिम समुदाय की इस पहल को सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द की मिसाल माना जा रहा है।

शमशुल हसन के इस बयान का विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने स्वागत किया है और इसे भारत की गंगा-जमुनी तहज़ीब का प्रतीक बताया है।

 इस कदम से न केवल समाज में भाईचारे का संदेश जाएगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भगवान वाल्मीकि के आदर्शों को याद रखने का एक स्थायी प्रतीक भी स्थापित होगा।