रावण दहन के बाद लोहे का पुतला गायब, 31 फीट का ढांचा चोरी ठेकेदार ने की थाने में शिकायत, पुलिस और नगर परिषद जांच में जुटी हैं 

 

भोपाल हेडलाइंस सिराली संवाददाता संजय योगी की खबर 

 

सिराली थाना क्षेत्र में रावण दहन के बाद एक अनोखा मामला सामने आया है। नगर परिषद की ओर से दशहरे पर तैयार किया गया 31 फीट ऊंचा लोहे का रावण पुतला अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया। इस अजीबोगरीब चोरी की चर्चा पूरे क्षेत्र में जोरों पर है।जानकारी के अनुसार, रावण पुतला निर्माण का ठेका ठेकेदार राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल को नगर परिषद द्वारा ₹95 हजार में दिया गया था। पुतले के निर्माण में करीब डेढ़ क्विंटल लोहे की छड़ों का उपयोग किया गया था। 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे मंडी मैदान में रावण दहन किया गया, जिसके बाद आतिशबाजी का शानदार प्रदर्शन हुआ।ठेकेदार राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि अगले दिन सुबह 9 बजे जब वे मौके पर पहुंचे तो लोहे का ढांचा वहीं खड़ा था और रस्सियों से बंधा हुआ था। लेकिन जब वे सुबह 11 से 12 बजे के बीच दोबारा लौटे तो देखा कि पूरा लोहे का ढांचा गायब है। तीन दिनों तक आसपास तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने सोमवार को पुलिस में शिकायती आवेदन दिया। थाना प्रभारी सीताराम पटेल ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और नगर परिषद के सीएमओ को सूचना दे दी गई है। वहीं सीएमओ जयंत वर्मा ने कहा कि मामला संज्ञान में लिया गया है और जांच की जा रही है।