जुलाई-अगस्त का वेतन ऑफलाइन जारी होने पर आजाद स्कूल अतिथि शिक्षक संघ ने शिक्षा मंत्री व शिक्षक संघ अध्यक्ष का आभार जताया

 

संतोष योगी की खबर 9993268143

 

भोपाल हेडलाइंस आजाद स्कूल अतिथि शिक्षक संघ मध्यप्रदेश ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री माननीय राव उदय प्रताप सिंह जी एवं मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौड़ जी का आभार व्यक्त किया है।

 

संघ के प्रदेश अध्यक्ष के. सी. पवार ने बताया कि जुलाई एवं अगस्त माह के दौरान तकनीकी कारणों से अतिथि शिक्षकों की ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं हो सकी, जबकि शिक्षक नियमित रूप से विद्यालयों में उपस्थित थे और उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर भी करते रहे। इसके बावजूद वेतन केवल ई-अटेंडेंस के आधार पर तैयार किया गया, जिससे अधिकांश अतिथि शिक्षकों का वेतन अत्यंत कम बन पाया और उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा।

 

संघ ने लगातार किया प्रयास

 

इस समस्या को लेकर आजाद स्कूल अतिथि शिक्षक संघ मध्यप्रदेश लगातार सक्रिय रहा। संघ ने यह पीड़ा मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौड़ को अवगत कराई। डॉ. राठौड़ ने अतिथि शिक्षकों की कठिनाई को गंभीरता से समझते हुए स्वयं प्रदेश के शिक्षा मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह से भेंट की और पूरे प्रकरण की जानकारी दी।

 

शिक्षा मंत्री ने दिए राहतकारी निर्देश

 

माननीय मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह ने अतिथि शिक्षकों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए विभागीय अधिकारियों को ऑफलाइन वेतन भुगतान के आदेश देने के निर्देश दिए। इसके परिणामस्वरूप आज दिनांक 17 अक्टूबर 2025 को विभाग द्वारा अतिथि शिक्षकों के जुलाई व अगस्त माह का ऑफलाइन वेतन आदेश जारी कर दिया गया है।

 

अब यह बकाया वेतन शीघ्र ही अतिथि शिक्षकों के खातों में जमा हो जाएगा।

 

संघ ने जताया आभार

 

इस निर्णय से प्रदेशभर के हजारों अतिथि शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। आजाद स्कूल अतिथि शिक्षक संघ मध्यप्रदेश ने इसके लिए शिक्षा मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह एवं शिक्षक संघ अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौड़ के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।