हरदा जिले में बड़ा हादसा

मगरदा में माचक नदी पर बन रहा करोड़ों का पुल शुरुआती दौर में ही धराशायी — तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल

सिराली संवाददाता संजय योगी की खबर 

हरदा। जिले के ग्राम मगरदा में माचक नदी पर करोड़ों रुपये की लागत से बन रहा पुल निर्माणाधीन अवस्था में ही ढह गया। हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल का एक हिस्सा निर्माण के दौरान अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। उस समय मजदूर नीचे काम कर रहे थे, जिससे तीनों मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर मजदूरों को बाहर निकाला।

सूत्रों के मुताबिक, यह पुल ग्रामीणों के आवागमन के लिए बनाया जा रहा था, लेकिन शुरुआती चरण में ही निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और संबंधित विभाग को कई बार चेताया गया था कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, लेकिन उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवाते हुए जांच के निर्देश दिए। तकनीकी टीम को मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।