दिलों की दीपावली में तिनका संस्था ने बांटी खुशिया — 10 वें वर्ष भी जगमगाई उम्मीदों की रोशनी
दिलों की दीपावली में तिनका संस्था ने बांटी खुशिया — 10 वें वर्ष भी जगमगाई उम्मीदों की रोशनी
सिराली संवाददाता संजय योगी की खबर
टिमरनी/दीपावली के पावन अवसर पर तिनका सामाजिक संस्था ने इस वर्ष भी “दिलों की दीपावली” अभियान का आयोजन कर समाज में मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की। लगातार 10वें वर्ष आयोजित इस पहल के तहत संस्था के खिलाड़ियों और स्वयंसेवकों ने ज़रूरतमंद बच्चों, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को कपड़े, पढ़ाई की सामग्री, खिलौने, जूते, मिठाई और पटाखे वितरित किए।
इस अनोखी मुहिम की विशेषता यह है कि इसे कराटे खिलाड़ी अपनी पॉकेट मनी से संचालित करते हैं। खिलाड़ी पुराने उपयोगी सामान को एकत्र कर मरम्मत व सफाई कर दोबारा उपयोग के योग्य बनाते हैं और फिर ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में ज़रूरतमंद परिवारों तक पहुँचाते हैं। इस दौरान बच्चों की मुस्कान और खुशी ने पूरे वातावरण को भावनाओं से सराबोर कर दिया।
संस्था की सचिव माना मंडलेकर ने बताया कि “दिलों की दीपावली” का उद्देश्य यह संदेश देना है कि दीपावली केवल अपने घर में दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि समाज में खुशियाँ बाँटने और ज़रूरतमंदों के जीवन में उजाला लाने का उत्सव है। उन्होंने सभी सहयोगियों, खिलाड़ियों और दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के समर्थन से ही यह मुहिम दस वर्षों से लगातार चल रही है।
संस्था ने आने वाले वर्षों में इस अभियान को और व्यापक स्तर पर संचालित करने का संकल्प लिया है, ताकि समाज के हर वर्ग तक “खुशियों की रोशनी” पहुँच सके और हर दीपावली सचमुच “दिलों की दीपावली
” बन सके।
