अत्यंत धूमधाम से मनाया गया बाब व बहाउल्लाह का जन्मोत्सव

मानवजाति के कल्याण हेतु की गई विशेष प्रार्थनाएं — अनुयायियों ने बच्चों को नैतिक शिक्षा देने का लिया संकल्प

 

 भोपाल से संतोष योगी योगी की खबर

 99932 68143

 

बहाई धर्म के संस्थापक युगल अवतार बहाउल्लाह का 208वां तथा उनके अग्रदूत दिव्यात्मा बाब का 206वां जन्मोत्सव आज भोपाल के बहाई भवन, इंद्रपुरी में बड़े ही धूमधाम, हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ शोभित राज, सविता भारद्वाज और भगवती अली द्वारा की गई प्रार्थनाओं से हुआ। स्थानीय आध्यात्मिक सभा के सचिव भूपेंद्र सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए जन्मोत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला और उपस्थित जनसमूह को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

 

सांस्कृतिक कार्यक्रम में युवाओं द्वारा मनमोहक गीत और नृत्य प्रस्तुत किए गए। इसके पश्चात बहाई समुदाय द्वारा चलाई जा रही सेवा गतिविधियों से जुड़े बच्चों और किशोरों की माताओं एवं प्रशिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए और एक प्रेरणादायक लघु नाटिका प्रस्तुत की। परिणामस्वरूप, कई उपस्थित जनों ने अपने आसपास के बच्चों को नैतिक शिक्षा की कक्षाओं से जोड़ने का संकल्प लिया।

 

श्रीमती साधना मित्रा ने विश्वभर में बहाई समुदाय द्वारा विश्व शांति और मानव एकता के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी तथा सभी से समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर युगल अवतार के जन्मदिवस की विशेष प्रार्थनाएं शरण मोरे और यामिनी साहू ने कीं, जबकि सम्पूर्ण मानवजाति के कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना पाठ शुभम निकम द्वारा किया गया।

 

स्थानीय बहाई आध्यात्मिक सभा के अध्यक्ष एस.एन. पटेल ने बताया कि 23 अक्टूबर को धर्मानुयायी अपने-अपने घरों व मोहल्लों में व्यक्तिगत रूप से युगलावतार का जन्मोत्सव मनाएंगे। इस अवसर पर बाल नैतिक शिक्षा और किशोर आध्यात्मिक सशक्तिकरण कक्षाओं के बच्चे रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे तथा विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए विशेष प्रार्थनाएं की जाएंगी।

 

 सादर प्रकाशनार्थ

एस. एन. पटेल

अध्यक्ष — स्थानीय बहाई आध्यात्मिक सभा, भोपाल