भुन्नास के दीपक जाट ने बेचा सबसे पहला सोयाबीन — भावान्तर योजना का हुआ शुभारंभ
भुन्नास के दीपक जाट ने बेचा सबसे पहला सोयाबीन — भावान्तर योजना का हुआ शुभारंभ
भोपाल हेडलाइंस जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी की खबर
हरदा, 24 अक्टूबर 2025।
प्रदेश सरकार की भावान्तर योजना का शुभारंभ शुक्रवार को हरदा जिले में शुभ मुहूर्त में हुआ। इस योजना के तहत जिले के भुन्नास निवासी किसान दीपक बाबूलाल जाट ने सबसे पहले अपनी 27 क्विंटल 48 किलोग्राम सोयाबीन की बिक्री की। खरीदी जैन इंडस्ट्रीज हरदा द्वारा की गई, जिसमें श्री दीपक को ₹4651 प्रति क्विंटल का भाव मिला।
मंडी प्रबंधन की ओर से इस मौके पर किसानों का पारंपरिक स्वागत किया गया — उन्हें मिष्ठान खिलाया गया, तिलक लगाकर पुष्पहार पहनाए गए।
कलेक्टर ने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण
कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने हरदा कृषि उपज मंडी पहुंचकर भावान्तर योजना के अंतर्गत चल रही सोयाबीन खरीदी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी परिसर में किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही, उन्होंने कहा कि सोयाबीन लेकर आने वाले किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सुव्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जाए, ताकि अव्यवस्था न हो।
कलेक्टर ने मंडी परिसर में संचालित किसान ई-पंजीयन केंद्र और तौल कांटे की व्यवस्था भी देखी तथा उपस्थित किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान किया।
किसानों ने बताया कि भावान्तर योजना से उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद जगी है, जिससे वे काफी संतुष्ट और उत्साहित हैं।
