बरखेड़ा छठ घाट पर भव्य तैयारियाँ पूरी — सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ छठ महापर्व का आगाज आज से
बरखेड़ा छठ घाट पर भव्य तैयारियाँ पूरी — सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ छठ महापर्व का आगाज आज से
संतोष योगी की खबर
99932 68143
भोपाल। छठ पूजा सांस्कृतिक उत्सव समिति द्वारा बरखेड़ा छठ घाट पर इस वर्ष भी भव्य तैयारियाँ की जा चुकी हैं। यह महापर्व ‘नहाय-खाय’ से प्रारंभ होकर चार दिनों तक चलने वाला श्रद्धा, सादगी और संयम का पर्व है। समिति के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि “हमारी संस्कृति का यह विराट उत्सव सादगी, संयम और पवित्रता का प्रतीक है। इसकी नियम-निष्ठा और पारिवारिक एवं सामाजिक सद्भाव का भाव अतुलनीय है। छठ पूजा के अवसर पर जो दृश्य घाटों पर दिखाई देता है, वह पूरे समाज के एकता और प्रेम का अद्भुत उदाहरण होता है।”
उन्होंने आगे कहा कि आज विश्व के कोने-कोने में छठ महापर्व को सांस्कृतिक महाउत्सव के रूप में मनाया जाता है, जहाँ प्रसाद में प्रकृति के विविध रंग समाहित होते हैं। दुनिया भर में बसे भारतीय परिवार इस पर्व की परंपराओं को पूरे आत्मीय भाव से निभाते हैं।
बरखेड़ा छठ घाट पर कार्यक्रम का शुभारंभ छोटे-छोटे बच्चों द्वारा गणेश वंदना से किया जाएगा, जिसमें
सत्यम पटेल, केशव प्रसाद, चेतन सोनी, आरोही, काव्या, अदिति गौतम, प्रथम साहू, प्रांजल, प्रियसी नवाब और श्रीयां बारिक भाग लेंगे।
इसके पश्चात पंडित राकेश पाठक द्वारा भोजपुरी भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु छठ माई का आशीर्वाद लेने के लिए घाट पर एकत्रित होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर निगम, पुलिस प्रशासन और भेल प्रबंधन का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
छठ पूजा सांस्कृतिक उत्सव समिति ने समस्त नागरिकों को इस पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से पूजा में सम्मिलित होने का आग्रह किया है।
