विधायिका और पत्रकारिता लोकतंत्र के दो प्रमुख आधार स्तंभ — सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब कार्यक्रम संपन्न

 

संतोष योगी की खबर 

 99932 68143

 

भोपाल।

सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब के तत्वावधान में “विधायिका एवं पत्रकारिता — लोकतंत्र के दो प्रमुख आधार स्तंभ” विषय पर न्यू अशोका गार्डन, भोपाल में एक भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ।

 

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंगार, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, श्री भगवान दास सबनानी, विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री अरविंद शर्मा, राज्य मानव अधिकार आयोग के सदस्य ए.के. सिंह, तथा संघ के प्रदेशाध्यक्ष श्री हरिओम गुर्जर सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का स्वागत बोधन संघ अध्यक्ष श्री विजय दास ने किया। उन्होंने कहा कि “मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बने जहां पत्रकार सुरक्षा कानून लागू हो। संघ का उद्देश्य धरना या प्रदर्शन नहीं, बल्कि समाज में चेतना जगाना है।”

 

संस्थापक सदस्य श्री एन.के. सिंह ने कहा कि प्रेस क्लब को बने 30-35 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अभी तक भोपाल में इसकी अपनी जगह नहीं है।

श्री आशीष अग्रवाल ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है, वहीं कांग्रेस विचार विभाग के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि “प्रेस क्लब का निर्माण होना चाहिए, पत्रकारिता मिशन बनकर समाज में परिवर्तन ला सकती है।”

 

विधानसभा प्रमुख सचिव श्री अरविंद शर्मा ने कहा कि “विधानसभा के कार्यों को जनता तक पहुँचाने का श्रेय मीडिया को जाता है। पारंपरिक मीडिया की विश्वसनीयता बनी हुई है, जबकि सोशल मीडिया पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जाता है।”

 

श्री अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि विधायिका और पत्रकारिता दोनों ही लोकतंत्र के मूल स्तंभ हैं — एक चर्चा करता है और दूसरा उसे जनता तक पहुँचाता है।

श्री भगवान दास सबनानी ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है, और सकारात्मक समाचारों का प्रसार होना चाहिए।

विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि “भारत में पंचायत के निर्णय की तरह आज विधायिका में जो निर्णय होते हैं, उन्हें पत्रकार ‘नारद’ की भूमिका में समाज तक पहुँचाते हैं। पत्रकारों की सुरक्षा और नीति निर्धारण पर भी ध्यान देना चाहिए।”

 

नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंगार ने कहा कि “विधायिका नीति बनाती है और पत्रकारिता सूचना प्रसारित करती है। आज मूल्य और नैतिकता की कमी दिख रही है। कलम समाज और सरकार की दिशा तय करती है। पत्रकार सुरक्षा कानून बनना चाहिए।”

 

विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि “भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। लोकतंत्र में विधायिका और पत्रकारिता दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारिता केवल आजीविका नहीं, बल्कि एक मिशन है। पत्रकारों के प्रशिक्षण एवं प्रेस क्लब के स्थायी भवन हेतु सरकार से चर्चा की जाएगी।”

 

कार्यक्रम में संघ द्वारा विभिन्न जिलाध्यक्षों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम का संचालन श्री राजेश भाटिया ने किया एवं आभार प्रदर्शन श्रीमती आरती शर्मा द्वारा किया गया।

 

संजीव श्रीवास्तव

दैनिक “देश का संदेश”