फूटकर व्यापारी महासंघ शेख असलम के नेतृत्व में शांतिपूर्ण धरना रहा प्रभावशाली

सात सूत्रीय मांगों पर सीएमओ ने दिया लिखित आश्वासन, सैकड़ों व्यापारियों ने ली भागीदारी

 

भोपाल हेडलाइंस सिराली संवाददाता संजय योगी की खबर 

 

सिराली (जिला हरदा)।

सिराली नगर में सोमवार को फूटकर व्यापारी महासंघ, तहसील सिराली द्वारा नगर परिषद् परिसर में किया गया शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन प्रशासन के लिए गंभीर संदेश लेकर आया। नगर की सात प्रमुख समस्याओं को लेकर आयोजित इस धरने में सैकड़ों की संख्या में व्यापारी एकजुट हुए और नगर परिषद् प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।

धरना स्थल पर “व्यापारी एकता ज़िंदाबाद”, “अन्याय बंद करो”, “व्यापारी हित में निर्णय करो” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ।

धरना के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) स्वयं पहुंचे और महासंघ पदाधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। चर्चा उपरांत उन्होंने सातों सूत्रीय मांगों पर लिखित आश्वासन पत्र सौंपा तथा निर्धारित अवधि में कार्यवाही शुरू करने का भरोसा दिलाया।

महासंघ की सात प्रमुख मांगें

1. प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना के अंतर्गत स्वीकृत ऋणों का शीघ्र वितरण किया जाए।

2. बाजार बैठकी कर एवं अन्य शुल्कों के नाम पर हो रही अवैध वसूली तत्काल बंद की जाए।

3. बाजार क्षेत्र में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट्स को चालू कर नियमित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

4. बाजार में सुलभ शौचालय की व्यवस्था एवं महिलाओं हेतु फीडिंग रूम की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

5. बाजार क्षेत्र में शुद्ध पेयजल एवं नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

6. बाजार एवं गुमटी (न्यू मार्केट) व्यवस्था शीघ्र लागू कर व्यापारियों को स्थान आवंटित किया जाए।

7. रविवार को विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए।

धरना समाप्ति के पश्चात महासंघ पदाधिकारियों ने प्रशासन के इस सकारात्मक रुख का स्वागत किया, लेकिन चेतावनी भी दी कि यदि निर्धारित अवधि में ठोस कार्यवाही नहीं हुई, तो महासंघ पुनः बड़े आंदोलन की तैयारी करेगा।

महासंघ के अध्यक्ष शेख असलम ने कहा —

“यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि नगर के समग्र विकास और जनहित से जुड़ा है। व्यापारी समाज ने हमेशा करदाता और योगदानकर्ता की भूमिका निभाई है। अब प्रशासन को हमारी जायज़ मांगों को गंभीरता से पूरा करना चाहिए।”

मीडिया प्रभारी शिवम् सोनी ने कहा —

“व्यापारी वर्ग समाज की आर्थिक रीढ़ है। उसके साथ हो रहा अन्याय अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महासंघ शांतिपूर्ण तरीक़े से संघर्ष कर रहा है, परंतु यदि वादे पूरे नहीं हुए तो आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।”

महासंघ के सचिव आशीष योगी ने कहा —

“व्यापारी समाज नगर की प्रगति में निरंतर योगदान दे रहा है, लेकिन उसे उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। महासंघ व्यापारी हितों की रक्षा के लिए हमेशा अग्रसर रहेगा।”

धरना स्थल पर दिनभर जनसमूह का माहौल बना रहा। व्यापारियों में उत्साह और एकता का दृश्य देखने लायक था। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित व्यापारियों ने संकल्प लिया कि वे नगर के हित में एकजुट रहेंगे और किसी भी परिस्थिति में व्यापारी वर्ग के सम्मान से समझौता नहीं करेंगे।

फूटकर व्यापारी महासंघ, तहसील सिराली, जिला हरदा (म.प्र.)

“व्यापारी हित ही जनहित है।”