4 साल से इंतज़ार में 240 हितग्राही — श्याम नगर पार्ट-2 के फ्लैट अब तक नहीं मिले, झुग्गीवासी हो रहे हैं परेशान

 

संतोष योगी की खबर 

 99932 68143

 

 

भोपाल के भीम नगर और अर्जुन नगर वल्लभनगर के झुग्गीवासियों को अप्रैल 2022 में श्याम नगर पार्ट-2 में फ्लैट आवंटन किया गया था। लेकिन आवंटन के चार साल बीत जाने के बावजूद अब तक 240 हितग्राहियों को अपने मकान नहीं मिल पाए हैं, जिससे लोगों में भारी नाराज़गी और निराशा है। झुग्गीवासी बुधवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर कमिश्नर से मुलाकात की और अपनी समस्याएं बताईं। उन्होंने कहा कि वे विधायक, सांसद और नगर निगम अधिकारियों को कई बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक किसी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

 

लोगों का कहना है कि नगर निगम की ओर से फ्लैट आवंटन से पहले पूरी राशि जमा कराने की शर्त रखी गई थी। इसके लिए कई हितग्राहियों ने बैंक से फाइनेंस, रिश्तेदारों से उधार, या ब्याज पर पैसे लेकर राशि जमा की थी।

 

निवासियों ने बताया कि उन्हें आश्वासन दिया गया था कि दो साल के भीतर फ्लैट का कब्जा दे दिया जाएगा, लेकिन अब चार साल बीत चुके हैं। “हममें से कई लोग मजदूरी, होटल या छोटे कामों से अपना जीवन यापन करते हैं। इतनी मुश्किल से पैसे जमा किए, अब मकान न मिलने से बहुत परेशानी हो रही है,” निवासियों ने कहा।

 

240 हितग्राहियों ने एक सुर में मांग की है कि नगर निगम जल्द से जल्द फ्लैट का आवंटन पूरा करे, ताकि उन्हें अपने स्थायी घर का सपना साकार हो सके।