श्री लक्ष्मीनारायण (बिड़ला) मंदिर में श्रीराम कथा का शुभारंभ — कथा व्यास डॉ. सुरेंद्र बिहारी गोस्वामीजी ने किया शिव विवाह प्रसंग का वर्णन

संतोष योगी की खबर 99932 68143

भोपाल हेडलाइंस श्री लक्ष्मीनारायण (बिड़ला) मंदिर में आज से श्री रामचरित मानस कथोत्सव का शुभारंभ हुआ। कथा व्यास परम पूज्य डॉक्टर पंडित सुरेंद्र बिहारी गोस्वामीजी ने प्रथम दिवस की कथा में शिव महात्म्य एवं शिव विवाह के प्रसंग का मनमोहक वर्णन किया।

उन्होंने बताया कि भगवान शिव के विवाह में सभी देवता सज-धज कर उपस्थित हुए थे और सभी एक-दूसरे से श्रेष्ठ बनने की चेष्टा कर रहे थे। तब भगवान शंकर ने सबकी मनोस्थिति को समझकर अपने डमरू से भूत-प्रेत, लंगड़े-लूले एवं समाज से उपेक्षित जनों को प्रकट किया और उन्हें अपनी बारात में शामिल किया। इससे यह संदेश मिलता है कि भगवान शंकर सरल, सहज और सर्वसमावेशी हैं — जो सबको अपने साथ रखते हैं और सबका कल्याण करते हैं।

डॉ. गोस्वामीजी ने कहा कि भगवान शिव की आराधना से विवाह योग्य बालक-बालिकाओं को उत्तम जीवनसाथी प्राप्त होते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भगवान शंकर के इष्ट श्रीराम-सीता हैं और श्रीराम-सीता के इष्ट भगवान शंकर हैं, दोनों के परस्पर प्रेम एवं भक्ति का यह अद्भुत उदाहरण है।

इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति एवं सर्वशक्ति महिला मंडल की सभी सदस्याएँ सहित अनेक भक्तगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण भक्ति एवं श्रद्धा से परिपूर्ण रहा।