भगवानपुरा के दो छात्र लापता, अपहरण की आशंका से परिजनों में दहशत

 

सिराली संवाददाता संजय योगी की खबर 

 

सिराली। भगवानपुरा क्षेत्र से दो नाबालिग छात्रों के लापता होने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। दोनों छात्र मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए निकले थे, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचे और न ही घर लौटे। देर शाम तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने आसपास और स्कूल में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

जानकारी के अनुसार, भगवानपुरा निवासी संजय यादव (15) पिता अशोक यादव और गोलू (15) पिता अनोखीलाल दोनों स्थानीय विद्यालय के छात्र हैं। मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे दोनों अपने-अपने बैग लेकर स्कूल के लिए निकले थे। जब शाम 5 बजे तक वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने अन्य बच्चों से पूछताछ की, जिससे पता चला कि दोनों स्कूल नहीं पहुंचे थे।

रात करीब 8:30 बजे तक खोजबीन के बाद भी जब बच्चों का पता नहीं चला, तो परिजन ग्रामीणों के साथ सिराली थाने पहुंचे और अपहरण की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।

 पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दोनों बच्चे एक अज्ञात बाइक सवार के साथ जाते हुए नजर आए। 

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी संभावित स्थलों पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है।