धीरेंद्र शास्त्री की यात्रा सांप्रदायिक और असंवैधानिक — दामोदर सिंह यादव

राष्ट्रपति ने यात्रा नहीं रोकी तो कोर्ट जाएगा दलित पिछड़ा समाज संगठन

भोपाल सहित दर्जनों जिलों में विरोध प्रदर्शन करेगा डीपीएसएस — अमित बनसोड़

 

भोपाल हेडलाइंस — संतोष योगी की खबर

99932 68143

 

भोपाल।

हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर दिल्ली से वृंदावन तक बागेश्वर धाम के पुजारी धीरेंद्र शास्त्री द्वारा निकाली जा रही यात्रा को दलित पिछड़ा समाज संगठन (डीपीएसएस) ने “पूरी तरह से असंवैधानिक, सांप्रदायिकता फैलाने वाली और देश को तोड़ने वाली” बताया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आज़ाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) के वरिष्ठ नेता दामोदर सिंह यादव ने भोपाल में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि यदि इस यात्रा को रोकने के लिए महामहिम राष्ट्रपति जी द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो संगठन न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा।

 

उन्होंने बताया कि संगठन ने एक सप्ताह पूर्व राष्ट्रपति को पत्र लिखा था और तीन दिन पहले रिमाइंडर मेल भी भेजा है। यादव ने कहा कि यह यात्रा संविधान और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ है, इसलिए इसे किसी भी कीमत पर रोका जाना चाहिए।

 

दामोदर यादव ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री ने हरियाणा में एक सार्वजनिक मंच से उन्हें गाली दी और धमकी दी कि “तुम्हारा मोबाइल नंबर मेरे पास होता तो फोन पर ही ठरुटी वाट देता, हमें छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं।” यादव ने कहा कि यह खुली धमकी और आपराधिक कृत्य है, जिस पर पुलिस को तुरंत एफआईआर दर्ज करनी चाहिए। उन्होंने देशभर के सनातन धर्मावलंबियों से अपील की कि “जो व्यक्ति सार्वजनिक रूप से गाली और धमकी देता है, उसका बहिष्कार करें और सनातन को बदनाम होने से बचाएँ।”

 

उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री जैसे व्यक्ति अंधविश्वास और पाखंड फैलाकर समाज को गुमराह कर रहे हैं, और सरकारों की संरक्षण में बेलगाम हो गए हैं। यादव ने कहा, “हम बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान के तहत कानून की सीमाओं में रहकर इस सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ेंगे।”

 

डीपीएसएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जानकारी दी कि संगठन आगामी 2 नवंबर से 6 नवंबर तक मध्य प्रदेश के दर्जनों जिलों में विरोध प्रदर्शन, धरना, ज्ञापन एवं पुतला दहन कार्यक्रम करेगा। राजधानी भोपाल में 3 नवंबर को टोशनपुरा चौराहा पर विरोध प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

 

इस अवसर पर डीपीएसएस के प्रदेश पदाधिकारी अमित बनसोड़, कमल कुशवाह, दिलीप मश्के, राजकुमार प्रजापति, सौरभ यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे