भव्य श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन, 10 हजार श्रद्धालु बने साक्षी
भव्य श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन, 10 हजार श्रद्धालु बने साक्षी
भोपाल हेडलाइंस — संतोष योगी की खबर 99932 68143
भोपाल।
श्री श्याम मित्र मंडल कोकता कन्हासैया द्वारा हनुमान मंदिर, कोकता एक नंबर ट्रांसपोर्ट नगर, भोपाल में भव्य श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन किया गया। खाटू श्याम जी के भजनों की मधुर धुनों पर हजारों श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
इस अवसर पर लगभग 10 हजार से अधिक श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंच पर प्रसिद्ध भजन गायिका शिवानी झा (ललितपुर), गुनगुन व गुंजन तिवारी (शाहगंज), दीपक सिंह सिसोदिया (अकोदिया), सुरेंद्र झा (ललितपुर) एवं आयुष मीणा (कंकाली धाम) ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से खाटू श्याम जी की महिमा का बखान किया।
भजन गायकों की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया। श्रद्धालु "श्याम नाम" के जयकारों से झूम उठे और मंदिर परिसर "हारे का सहारा खाटू श्याम हमारा" के उद्घोष से गूंज उठा।
आयोजन समिति के सदस्य मोहित पवार और रवि ठाकुर ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से यह संकीर्तन महोत्सव निरंतर आयोजित किया जा रहा है। हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है, जो खाटू श्याम जी के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाता है।
कार्यक्रम के अंत में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और खाटू श्याम जी के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।
भक्ति, संगीत और श्रद्धा से सराबोर इस संकीर्तन ने भक्तों के हृदयों में श्याम नाम की गूंज छोड़ दी।
