“अतिथि विद्वानों का संघर्ष तेज: भोपाल में मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री निवास पर सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी न होने पर धरना की चेतावनी”

संतोष योगी की खबर 99932 68143

भोपाल, 3 नवंबर 2025:

मध्य प्रदेश के पंजीकृत व सत्यापित अतिथि विद्वान आवेदकों की चॉइस फिलिंग प्रक्रिया शुरू कराने की मांग को लेकर प्रदेशभर के अतिथि विद्वान सोमवार को राजधानी भोपाल में एकजुट हुए। सभी जिले से आए अतिथि विद्वान नीलम पार्क में एकत्र हुए और वहीं से शांतिपूर्ण रैली के रूप में पुलिस की गाड़ियों से मुख्यमंत्री निवास तथा उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के निवास पहुंचे।

वहां अतिथि विद्वानों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर शांतिपूर्वक ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि लंबे समय से चॉइस फिलिंग प्रक्रिया लंबित है, जिससे नियुक्ति और कार्य आरंभ में विलंब हो रहा है।

संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो वे नीलम पार्क में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

अतिथि विद्वानों की प्रमुख मांगें:

1. पंजीकृत एवं सत्यापित अतिथि विद्वानों की चॉइस फिलिंग शीघ्र शुरू की जाए।

2. प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी या तकनीकी अड़चनें दूर की जाएं।

3. अतिथि विद्वानों को उनके अनुभव व योग्यता के आधार पर स्थायित्व देने पर विचार किया जाए

अतिथि विद्वानों ने कहा कि उनका आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा, जब तक सरकार उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करती।