वंदना द्विवेदी ने बताया – विंध्य एकता परिषद विंध्यवासियों की एकता और उत्थान के लिए संकल्पित भोपाल से रीवा ट्रेन का संचालन परिषद की बड़ी उपलब्धि, विंध्य नगर बसाने की योजना पर भी काम जारी

संतोष योगी की खबर 9993268143

भोपाल। विंध्य एकता परिषद म.प्र. भोपाल द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में परिषद की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वंदना द्विवेदी ने संस्था के गठन के उद्देश्यों, गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि परिषद का मुख्य उद्देश्य विंध्य क्षेत्र के निवासियों को जाति, लिंग, धर्म एवं संप्रदाय के भेदभाव से ऊपर उठाकर एकजुट करना, भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण को बढ़ावा देना, विंध्य क्षेत्र की समस्याओं के समाधान हेतु शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रचनात्मक सहयोग देना है। परिषद समाज के पिछड़े, शोषित एवं महिलाओं के उत्थान हेतु रोजगारमूलक कार्यक्रम तैयार कर रही है तथा शासन द्वारा संचालित योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग दे रही है। शिक्षा के प्रचार-प्रसार, नैतिक मूल्यों के संवर्धन और विंध्य की लोक कलाओं को बढ़ावा देने हेतु परिषद वर्षभर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे वार्षिक सम्मेलन, विंध्य महोत्सव, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, होली मिलन, सावन महोत्सव और लोक कलाकारों को मंच प्रदान करने जैसे आयोजन करती है। अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी देते हुए श्रीमती वंदना द्विवेदी ने बताया कि परिषद की मांग पर भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री भगवान दास सबनानी ने अपनी विधायक निधि से एक एम्बुलेंस प्रदान की, जो विंध्य क्षेत्र के नागरिकों की सेवा में निरंतर कार्यरत है। उनके प्रयासों, उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ला के आशीर्वाद और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से भोपाल–रीवा (22145) एवं रीवा–भोपाल (22146) द्विसाप्ताहिक ट्रेन का संचालन प्रारंभ हुआ, जो परिषद की एक बड़ी उपलब्धि है। भविष्य की योजनाओं का उल्लेख करते हुए श्रीमती द्विवेदी ने कहा कि परिषद का लक्ष्य इस ट्रेन को सप्ताह में सातों दिन संचालित करवाने हेतु केंद्रीय रेल मंत्री को निवेदन प्रस्तुत करना, भोपाल में निवासरत आर्थिक रूप से कमजोर विंध्य समाज के लोगों के लिए भोपाल विकास प्राधिकरण से सस्ती दरों पर प्लॉट एवं मकान उपलब्ध करवाने की मांग करना तथा ‘विंध्य नगर’ की स्थापना के लिए जन सहयोग से प्रयास करना है। उन्होंने बताया कि परिषद भोपाल में अपने प्रदेश कार्यालय एवं सांस्कृतिक आयोजनों हेतु सभागार के निर्माण के लिए भी शासन से मांग करेगी। श्रीमती वंदना द्विवेदी ने कहा कि विंध्य एकता परिषद विंध्य क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव की दिशा में निरंतर सक्रिय रहेगी।