भोपाल में गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया गुरुद्वारा श्री दशमेश दरबार साहिब, आनंद नगर में हुआ भव्य कीर्तन और लंगर का आयोजन

संतोष योगी की खबर  99932 68143

भोपाल। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री दशमेश दरबार साहिब, आनंद नगर भोपाल में बुधवार को धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत गुरुबाणी कीर्तन से हुई, जिसमें रागी जत्थों ने मधुर स्वर में शबद गायन कर संगत को निहाल किया। पूरे परिसर में “जो बोले सो निहाल... सत श्री अकाल” के जयघोष गूंजते रहे।

कीर्तन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने भाग लिया और गुरु का प्रसाद ग्रहण किया।

गुरुद्वारा के सेवादार जितेंद्र गिल पाल सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी श्रद्धा, भक्ति और भाईचारे के वातावरण में मनाया गया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के उपदेश आज भी मानवता को एकता, समानता और सेवा का संदेश देते हैं।