मिशन कवच 2.0 आत्मरक्षा से सशक्त हो रहीं ग्रामीण बालिकाएँ

भोपाल हेडलाइंस सिराली संवाददाता संजय योगी की खबर 7805953532

हरदा/हरदा देवास (मध्यप्रदेश)। ग्रामीण अंचल की बालिकाओं में आत्मविश्वास और स्वावलंबन की भावना जागृत करने के उद्देश्य से तिनका सामाजिक संस्था द्वारा संचालित मिशन कवच 2.0 के तहत आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण देवास जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास टोंक खुर्द एवं कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास डबल चौकी में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में अप्रावा रिन्यूएबल एनर्जी प्रा. लि. गुजरात से आए अतिथियों — विपुल पटेल (डिप्टी मैनेजर, सीएसआर), विवेक सोनी (एसेट मैनेजर, संचालन एवं अनुरक्षण, चांदगढ़ विंडफार्म) तथा अनिरुद्ध रॉय (एसेट मैनेजर, संचालन एवं अनुरक्षण, चांदगढ़ विंडफार्म) — ने छात्राओं और प्रशिक्षिकाओं से संवाद कर प्रशिक्षण प्रक्रिया का अवलोकन किया। अतिथियों ने बालिकाओं के अनुशासन, ऊर्जा और आत्मविश्वास की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन तिनका सामाजिक संस्था की सचिव मना मंडलेकर के मार्गदर्शन में किया गया। इस पहल को अजय मिश्रा (डीपीसी, देवास), हरि सिंह भारती (जिला शिक्षा अधिकारी, देवास) और डॉ. हेमांशु शुक्ला का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।

प्रशिक्षण सत्रों में भोपाल की प्रशिक्षिकाएँ निधि सूर्य और आरती यादव ने बालिकाओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा केवल सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और नेतृत्व का प्रतीक है।

इस अभियान से कुल 351 बालिकाएँ लाभान्वित हो रही हैं — जिनमें से 150 बालिकाएँ टोंक खुर्द छात्रावास एवं 201 बालिकाएँ डबल चौकी छात्रावास से हैं। छात्रावास वार्डन सीमा धाकड़ (टोंक खुर्द) और सुमन पटेल (डबल चौकी) ने बताया कि बालिकाएँ उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग ले रही हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित हो रही है।

यह अभियान ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम साबित हो रहा है।