डाक विभाग कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल मध्यप्रदेश परिमंडल भोपाल

14वीं मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी – “मेपेक्स 2025” का शुभारंभ 

 

भोपाल हेडलाइंस संतोष योगी की खबर 

 99932 68143

 

 भारतीय डाक विभाग द्वारा 14वीं मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी “मेपेक्स 2025” का आयोजन दिनांक 21 से 23 नवम्बर तक सुभाष यादव भवन, समन्वय भवन, न्यू मार्केट, भोपाल में किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी फिलाटेली प्रेमियों, विद्यार्थियों तथा समस्त नागरिकों के लिए ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक आकर्षणों से भरपूर होगी। प्रदर्शनी प्रातः 10 बजे से साँय 08 बजे तक समस्त नागरिकों के लिए निशुल्क खुली रहेगी। 

 दिनांक 21 नवम्बर को इस प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री आलोक शर्मा, माननीय सांसद, भोपाल संसदीय क्षेत्र उपस्थित रहेंगे वहीं दिनांक 23.11.2025 को मेपेक्स 2025 के समापन के अवसर पर श्री विश्वास सारंग, माननीय सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री, मप्र शासन उपस्थित रहेंगे। उपरोक्त अवसरों पर आयोजित कार्यक्रमों की अध्यक्षता श्री विनीत माथुर, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, मप्र डाक परिमंडल द्वारा की जाएगी। 

 प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘भारत की विज्ञान यात्रा तथा आत्मनिर्भर भारत’ है। यह मुख्य रूप से भारत के युवाओं एवं नौजवानों को विज्ञान के प्रति प्रेरित करने व भारत की 78 वर्षों की प्रगति को चित्रित करने के लिए रखी गई है। प्रदर्शनी में 170 डाक टिकट संग्रहकर्ताओं के कुल 325 फ्रेम प्रदर्शित किए जाएँगे। इन फ्रेमों के माध्यम से डाक टिकट संग्रहकर्ताओं द्वारा विज्ञान के अतिरिक्त भारतीय सेना, स्वतंत्रता पूर्व का भारत, होल्कर एस्टेट, अंतरिक्ष में विज्ञान यात्रा, 1857 से 1947 तक स्वतंत्रता संग्राम, रामायण, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारत रत्न अवार्ड, स्वच्छ भारत, मप्र टूरिज़म, भारतीय रेल आदि के साथ साथ अन्य कई विषयों पर दुर्लभ डाक टिकटों व स्पेशल कवर का प्रदर्शन किया जाएगा। 

 डाक टिकट प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें विभिन्न स्कूलों से आमंत्रित छात्र-छात्राएँ हिस्सा लेंगे। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेपेक्स 2025 के समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।  

 इस कड़ी में दिनांक 21 नवम्बर को उमंग वेल्फेयर सोसायटी द्वारा समूह गान, मेपेक्स 2025 का विशेष विरूपण, स्व. शंकर प्रसाद ताम्रकार पर विशेष विरूपण का विमोचन, इंदौर के फिलाटेलिस्ट श्री ओपी केडिया की पुस्तक का विमोचन, बंसल एक्स्ट्रेकशन व एक्सपोर्टेशन प्राईवेट लिमिटेड के विशेष आवरण का विमोचन, श्री सुनील सचदेवा एजीएम भेल द्वारा कार्यशाला एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 

 वहीं दिनांक 22 नवम्बर को भोजताल, बड़ी झील (भोपाल) व नर्मदा नदी पर विशेष आवरण का विमोचन, श्री आशीष भण्डारी द्वारा कार्यशाला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 

 इसके साथ साथ दिनांक 23 नवम्बर को पीपुल्स ग्रुप एवं पीपुल्स यूनिवर्सिटी पर विशेष आवरण का विमोचन, टेगोर इंटरनेशनल लिट्रेचर एवं आर्ट्स फेस्टिवल पर विशेष आवरण का विमोचन, हेरिटेज साईट्स पर 04 पिक्चर पोस्टकार्ड का विमोचन, श्रीमती प्रीति पोद्दार द्वारा ‘खत पर वार्ता’ का आयोजन, पोस्टकार्ड डिज़ाइन प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 

 अतः अनुरोध है कि उपरोक्त आयोजन के विस्तृत कवरेज हेतु अपने प्रतिष्ठित संस्थान के प्रतिनिधि को भेजने का कष्ट करें। 

सहायक निदेशक (ग्राहक संतुष्टि)

मप्र डाक परिमंडल कार्यालय, भोपाल 

प्रति,

.....दैनिक, भोपाल