भगवान सहस्रबाहु जी की दिव्य कथा संपन्न जय–जयकार से गुंजायमान हुआ कथा स्थल
भगवान सहस्रबाहु जी की दिव्य कथा संपन्न जय–जयकार से गुंजायमान हुआ कथा स्थल
संतोष योगी की खबर 

99932 68143
भोपाल — कलचुरी समाज के आराध्य देव राज राजेश्वर भगवान सहस्रबाहु जी की एक दिवसीय दिव्य कथा मानस धाम कॉलोनी, मित्तल कॉलेज रोड, एलएनसीटी वर्ल्ड स्कूल के पास पिपलिया लांबाखेड़ा में अत्यंत भक्तिभाव से संपन्न हुई। कथा का वाचन पूज्य धर्मपथिक शैलेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज ने किया। पूरे परिसर में “जय सहस्रबाहु भगवान की” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। महाराज जी ने वायु पुराण, अग्नि पुराण व रामायण में वर्णित भगवान सहस्रबाहु जी के दिव्य चरित्र, बल, पराक्रम, धर्म-रक्षा, मातृ–पितृ भक्ति, समाज कल्याण और रावण को बंदी बनाने जैसे प्रेरणादायी प्रसंगों का अद्भुत वर्णन किया। कथा में भगवान द्वारा अधर्म के अंत, संतों की रक्षा, समाज में न्याय और एकता स्थापित करने की लीलाओं का भावुक चित्रण किया गया।
महाराज जी ने समाज बंधुओं से आवाहन करते हुए कहा कि जिस प्रकार भगवान विश्वकर्मा, भगवान चित्रगुप्त व गायत्री माता पूरे समाज के आराध्य हैं, उसी प्रकार हमें भी भगवान सहस्रबाहु जी के पराक्रम व आदर्शों को समाज की सीमा से ऊपर उठाकर जन–जन तक पहुँचाना होगा। उनकी महिमा के कार्यक्रम हों, उनकी जन्मभूमि–कर्मभूमि पर भव्य प्रतिमा स्थापित हो तथा प्रतिदिन उनके चरणों में दीपक प्रज्ज्वलित हों। महाराज जी के निज सचिव एवं मीडिया प्रभारी राजेश राय ने बताया कि भगवान सहस्रबाहु जी ने धर्म-संस्थापना व कल्याणकारी शासन का अद्वितीय आदर्श प्रस्तुत किया, जिसे आने वाली पीढ़ी तक पहुँचाना आवश्यक है। इस पावन अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग, महापौर मालती राय, राजो मालवीय, एडवोकेट एमएल राय, कथा यजमान सुधीर राय, सुनील राय और सचिन राय, प्रकाशचंद्र राय, एलएन मालवीय, कौशल राय, कल्पना आईडी राय, किशोर राय, राजाराम शिवहरे, प्रकाश राय, राजेश राय, संजय चौकसे, वीरसिंह राय, लक्ष्मीनारायण चौकसे, राजन सेवईवार, सुधाकर राउत, सामाजिक जन, प्रबुद्ध वर्ग, युवा, महिलाएं बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर उपस्थित रहे।
कलचुरि समाज के पत्रकारों का हुआ सम्मान
कथा के मंच से पूज्य महाराज श्री धर्म पथिक शैलेन्द्र कृष्ण शास्त्री, महापौर मालती राय, एलएन मालवीय, सुधीर राय तथा सनातन प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश राय द्वारा कलचुरि समाज के पत्रकारों डॉ. नरेंद्र कुमार शिवहरे, अनुपम शिवहरे, अवध नारायण चौकसे, राजेश राय, विनोद सूर्यवंशी, कंचन राय का शाल–श्रीफल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। सनातन प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश राय ने कहा कि पूरे प्रदेश में कलचुरि–कलार समाज के पत्रकारों को सम्मानित करने का एक विराट अभियान चलाया जाएगा, ताकि हमारी नई पीढ़ी पत्रकारिता को सेवा, साहस और संस्कारों के रूप में देख सके।
