विश्वभर में मसीही समाज ने मनाया धन्यवाद रविवार, भोपाल में क्रिसमस महोत्सव की शुरुआत
विश्वभर में मसीही समाज ने मनाया धन्यवाद रविवार, भोपाल में क्रिसमस महोत्सव की शुरुआत
संतोष योगी की खबर — 9993268143
भोपाल। विश्वभर के मसीही समाज द्वारा 23 नवंबर को बड़े उत्साह और भक्ति के साथ धन्यवाद रविवार (थैंक्सगिविंग संडे) मनाया गया। इसी के साथ भोपाल में क्रिसमस महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ भी हो गया। इस अवसर पर परमपिता परमेश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए प्रभु यीशु मसीह के प्रेम, दया, सेवा और बलिदान के संदेश को स्मरण किया गया।
फादर अनिल मार्टिन ने बताया कि प्रभु यीशु मसीह ने मानवता को पापों से मुक्ति देकर निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाया, इसी प्रेरणा के कारण धन्यवाद रविवार मनाया जाता है।
आज आयोजित कार्यक्रम में शहर के विभिन्न चर्चों ने सामूहिक प्रार्थना, स्तुति-गान और धन्यवाद अर्पण किया। इसी के साथ 30 नवंबर को होने वाले प्रथम आगमन रविवार की तैयारियाँ भी आरंभ हो गईं, जो क्रिसमस महोत्सव की औपचारिक शुरुआत मानी जाती है। इस अवधि में विधवा, अनाथ, वृद्धाश्रम, कुष्ठ आश्रम और जरूरतमंद परिवारों तक सहायता एवं प्रेम का संदेश पहुंचाने के विशेष कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
11 नवंबर से चल रही केरोल सिंगिंग के माध्यम से आज भी प्रभु यीशु के जन्मोत्सव का संदेश शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचाया गया। आगे 24 दिसंबर को कैंडल लाइट सर्विस तथा 25 दिसंबर को कैथोलिक और प्रोटेस्टेंट चर्चों में क्रिसमस आराधना होगी, जिसमें सामूहिक दान, प्रार्थना और जन्मोत्सव संदेश साझा किए जाएंगे।
सेंट जॉन्स ELC चर्च, गोविंदपुरा में आज का कार्यक्रम रेव. डॉ. अनिल मार्टिन की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की जानकारी अमन मार्टिन, युवा अध्यक्ष, सेंट जॉन ELC चर्च (मध्यप्रदेश), गोविंदपुरा भोपाल द्वारा दी गई।
