फार्मेसी काउंसिल कार्यालय में मारपीट का आरोप, सोमवार को घेराव और ज्ञापन देने की घोषणा

 

संतोष योगी की खबर 

 99932 68143

 

 

भोपाल। मध्य प्रदेश फार्मासिस्ट काउंसिल के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को एक फार्मेसी विद्यार्थी के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार युवक किसी कार्य से कार्यालय पहुँचा था और गार्ड से संबंधित अधिकारी से मिलने की अनुमति मांग रहा था। गार्ड द्वारा प्रवेश नहीं देने पर दोनों के बीच हल्की कहासुनी हो गई।

 

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कार्यालय के कुछ कर्मचारियों ने युवक को एक कमरे में बंद कर सामूहिक रूप से उसकी पिटाई कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक हुई इस घटना से परिसर में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

पीड़ित युवक मामले की शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। घटना ने शासकीय कार्यालयों में कर्मचारियों की मनमानी और अनुशासनहीनता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं फार्मासिस्ट काउंसिल प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है।

 

इस बीच, फार्मेसी वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सुग्रीव साहू ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने घोषणा की कि सोमवार, दिनांक 01 दिसंबर 2025 को फार्मेसी काउंसिल कार्यालय और मुख्यमंत्री निवास को ज्ञापन सौंपा जाएगा तथा काउंसिल कार्यालय का घेराव किया जाएगा। सुग्रीव साहू ने सभी फार्मेसी विद्यार्थियों और संगठनों से अपील की है कि वे इस कठिन समय में समर्थन देने के लिए उपस्थित हों।