17 रामायण मंडलों के विशाल रामायण सम्मेलन का भव्य आयोजन सम्पन्न

 

विंध्य एकता परिषद, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

 

संतोष योगी की खबर 

 

भोपाल। विंध्य एकता परिषद, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा आयोजित 17 रामायण मंडलों का विशाल रामायण सम्मेलन रविवार, 30 नवंबर 2025 को शिवाजीनगर स्थित दशहरा मैदान, वाचनालय के पास, 5 नंबर बस स्टॉप पर अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक चला कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर परिसर से निकली कलश यात्रा के साथ हुई, जो भव्य शोभा के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। इसके उपरांत विधिवत श्रीराम दरबार की स्थापना, पूजन, स्वस्तिवाचन, सुमिरन और श्रीरामायण जी की वंदना के साथ वैदिक परंपरा के अनुसार सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। रामायण मंडलों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ सम्मेलन में शामिल 17 रामायण मंडलों द्वारा भक्तिमय प्रस्तुतियाँ दी गईं।

प्रस्तुतियों का क्रम पर्ची निकलकर मंच पर ही निर्धारित किया गया तथा प्रत्येक मंडल के लिए समय सीमा तय की गई। मंडलों की भक्ति, संगीत और संगीतमय रामायण प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आरती एवं महाप्रसाद

श्रीरामायण जी एवं श्रीहनुमान जी महाराज की आरती पूरे उत्साह और भक्ति भाव से संपन्न हुई। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। सम्मान समारोह कार्यक्रम में सभी 17 रामायण मंडलों को शाल श्रीफल रामायण देकर सम्मानित किया गया।साथ ही सम्मेलन के उद्देश्यों पर विद्वानों ने महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए और अध्यक्षीय उद्बोधन ने कार्यक्रम को सार्थक दिशा प्रदान की।विशिष्ट जनों की उपस्थिति कार्यक्रम में विंध्य एकता परिषद, मध्यप्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती वंदना द्विवेदी ने सभी का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर समाजसेवी दीपक गुप्ता सहित अनेक विंध्यवासी, गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन समापन पर मंच की ओर से उपस्थित समस्त जनसमुदाय, सहयोगकर्ताओं और रामायण मंडलों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।