नाथ समाज के ऐतिहासिक प्रकाशन पर डॉ. निशांत खरे का शुभकामना संदेश

 

भोपाल हैडलाइन संतोष योगी की खबर 99932 68143

 

इंदौर।

अखिल भारतीय नाथ समाज, इंदौर द्वारा नाथ परंपरा के गौरवशाली इतिहास को समर्पित एक विशेष एवं ऐतिहासिक प्रकाशन किए जाने पर भाजपा मध्यप्रदेश के उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामना संदेश जारी किया है।

डॉ. खरे ने अपने संदेश में कहा कि यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि अखिल भारतीय नाथ समाज, इंदौर के समर्पित पदाधिकारियों एवं सदस्यों के निरंतर प्रयास, निष्ठा और सामूहिक समर्पण से लाला रामस्वरूप रामनारायण पंचांग, जबलपुर के आगामी संस्करण में नाथ संप्रदाय के आराध्य देव, योगीराज महायोगी भगवान गुरु श्री गोरखनाथ जी से संबंधित विशेष प्रकाशन किया जा रहा है। यह प्रकाशन गुरु गोरखनाथ जी के प्रकट उत्सव (1 मई 2026) के पावन अवसर पर चित्र सहित प्रकाशित होगा।

उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल नाथ समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सनातन परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गुरु गोरखनाथ जी का व्यक्तित्व, योगमार्ग, सामाजिक समरसता का संदेश और आध्यात्मिक अनुशासन आज भी समाज को दिशा देने वाला प्रकाशस्तंभ है।

डॉ. खरे ने आगे कहा कि इस प्रेरणादायी प्रयास से आने वाली पीढ़ियों को नाथ परंपरा के गौरवशाली इतिहास, दर्शन और मूल्यों से परिचित होने का सशक्त माध्यम प्राप्त होगा, जिससे सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक विरासत को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।

अंत में उन्होंने इस ऐतिहासिक एवं अनुकरणीय कार्य के लिए अखिल भारतीय नाथ समाज, इंदौर के समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि गुरु गोरखनाथ जी की कृपा समाज पर सदैव बनी रहे और ऐसे पुण्य कार्य निरंतर आगे बढ़ते रहें।