नगर निगम भोपाल में कर्मचारियों पर अत्याचार का आरोप, बड़े आंदोलन की चेतावनी
नगर निगम भोपाल में कर्मचारियों पर अत्याचार का आरोप, बड़े आंदोलन की चेतावनी
संतोष योगी की खबर 99932 68143
भोपाल।
मध्य प्रदेश शासकीय वाहन चालक एवं यांत्रिक कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष साबिर खान ने नगर निगम भोपाल के अधिकारियों पर कर्मचारियों के साथ लगातार अत्याचार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि कई कर्मचारियों को पूरा माह कार्य करने के बावजूद पूर्ण वेतन नहीं दिया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
साबिर खान ने कहा कि ठंड के मौसम में भी कर्मचारियों के ड्यूटी समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नगर निगम की कई गाड़ियों की स्थिति खराब है, जिससे कर्मचारियों को कार्य करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अटेंडेंस के लिए सेल्फी प्रणाली में आ रही दिक्कतों को भी अब तक दूर नहीं किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि विनियमित कर्मचारियों को अभी तक नियमित नहीं किया गया है तथा दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सिर्फ आश्वासन देकर कर्मचारियों को गुमराह किया जा रहा है। प्रतिनियुक्ति पर आए अधिकारियों के खिलाफ भी निगम प्रशासन द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अधिकारी कर्मचारियों पर अत्याचार कर रहे हैं और कर्मचारी मजबूरी में इसे सहन कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन द्वारा नगर निगम भोपाल में बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए सभी जोनों में बैठकें कर कर्मचारियों को जागरूक किया जाएगा और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
— साबिर खान
प्रदेश अध्यक्ष
मध्य प्रदेश शासकीय वाहन चालक एवं यांत्रिक कर्मचारी संघ
