टिमरनी में द्वितीय अंतर-राज्य कराटे प्रतियोगिता का सफल आयोजन

 

भोपाल हैडलाइंस जिला ब्यूरो संजय योगी की खबर 7805953532

 

टिमरनी (जिला हरदा)।

टिमरनी में तिनका सामाजिक संस्था के तत्वावधान में द्वितीय अंतर-राज्य कराटे प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता 20 एवं 21 दिसंबर को कन्या शाला, टिमरनी परिसर में संपन्न हुई, जिसमें ग्रामीण एवं दूरदराज़ क्षेत्रों से आए बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में 500 से अधिक खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल अधिकारी शामिल हुए। प्रतियोगिता के मुकाबले 32 विभिन्न भार वर्गों में आयोजित किए गए। मध्यप्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र एवं राजस्थान से आए खिलाड़ियों ने भी अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

करीब 50 से अधिक टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनमें 155 खिलाड़ी ऐसे थे जिन्होंने पहली बार कराटे प्रतियोगिता में सहभागिता की। इस आयोजन ने बच्चों में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विशेष रूप से बालिकाओं में आत्मविश्वास एवं आत्मरक्षा कौशल को मजबूत किया।

तिनका सामाजिक संस्था के सचिव श्री मना मंडलेकर ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने जानकारी दी कि स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को छिंदवाड़ा में आयोजित होने वाली सीनियर राज्यस्तरीय कराटे प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु विशेष सहयोग प्रदान किया जाएगा।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर नगर में भव्य विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें डीजे, घोड़े एवं खुली गाड़ी शामिल रही। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस कार्यक्रम में टिमरनी नगर पालिका अध्यक्ष, समाजसेवी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में कराटे खिलाड़ी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि तिनका सामाजिक संस्था विगत कई वर्षों से कराटे एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। यह प्रतियोगिता संस्था के इसी सामाजिक उद्देश्य का एक महत्वपूर्ण और सफल प्रयास रही।