सिराली में अधूरे व घटिया सड़क निर्माण को लेकर वार्डवासियों का आक्रोश, नगर परिषद को सौंपा ज्ञापन

 

भोपाल हैडलाइंस जिला ब्यूरो संजय योगी की खबर 

 

सिराली (जिला हरदा)।

नगर परिषद सिराली के अटल बिहारी वाजपेई वार्ड क्रमांक 14 (रामपुरा) में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर वार्डवासियों का आक्रोश सामने आया है। आरोप है कि करीब आठ माह पूर्व बनाई गई सड़क में बजरी और मुरम की मात्रा कम रखी गई, जिससे सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी है। इससे राहगीरों और किसानों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों का कहना है कि घटिया निर्माण के कारण बरसात में सड़क की हालत और खराब हो गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क का निर्माण पार्षद राहुल शाह के माध्यम से कराया गया, जबकि इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष अनीता अग्रवाल ने कहा कि पार्षद राहुल शाह द्वारा दबाव बनाकर सड़क की राशि निकलवाई गई थी।

मामले से नाराज वार्डवासियों ने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर सड़क में सुधार नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

शिकायत मिलने के बाद सीएमओ जयंत वर्मा ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सड़क का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी और सड़क की गुणवत्ता में सुधार कराया जाएगा।

वार्डवासियों ने मांग की है कि सड़क का पुनर्निर्माण मानकों के अनुरूप कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो।