भारत सरकार के विस्तारित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन महिला रोग निदान शिविर संपन्न, 79 महिलाओं ने लिया उपचार का लाभ

भारत सरकार के विस्तारित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
महिला रोग निदान शिविर संपन्न, 79 महिलाओं ने लिया उपचार का लाभ
भोपाल हेडलाइंस | जिला ब्यूरो – संजय योगी 7805953532
सिराली।
सिराली क्षेत्र लंबे समय से महिला चिकित्सक की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में महिलाओं को उपचार के लिए हरदा, खंडवा एवं इंदौर जैसे बड़े शहरों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उल्लेखनीय है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराली में पदस्थ महिला चिकित्सक वर्तमान में एमडी की पढ़ाई हेतु अवकाश पर हैं।
इसी परिस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए भारत सरकार के विस्तारित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराली में महिला रोग निदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हरदा की प्रतिष्ठित मदर केयर हरदा की महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेरणा धमनानी अग्रवाल द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं। इस दौरान कुल 79 महिलाओं ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेरणा धमनानी अग्रवाल ने कहा कि आर्थिक रूप से सक्षम महिलाएं तो बाहर जाकर इलाज करा लेती हैं, लेकिन गरीब एवं निम्न आय वर्ग की महिलाओं को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ईश्वर ने उन्हें जो योग्यता प्रदान की है, उसके माध्यम से वे विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर जरूरतमंद महिलाओं के उपचार का प्रयास कर रही हैं। इस सेवा कार्य से उन्हें आत्मिक संतोष एवं पुण्य की अनुभूति होती है।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के महिला स्वास्थ्य शिविर पूर्व में रहटगांव, टिमरनी, हरदा एवं सिराली में आयोजित किए जा चुके हैं तथा भविष्य में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को लाभान्वित करने का प्रयास जारी रहेगा।
शिविर के सफल आयोजन पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. के. द्विवेदी, समाजसेवी शंभू सोमानी, दयाशंकर करौड़े, वेदप्रकाश शर्मा एवं डॉ. रामकृष्ण चौधरी ने डॉ. प्रेरणा धमनानी अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए इस समाजहितैषी पहल की सराहना की।
