जी न्यूज़ के पत्रकार प्रमोद शर्मा पर हमला बेहद गंभीर, मुख्यमंत्री मोहन यादव शीघ्र संज्ञान लेकर दोषियों पर करें कड़ी कार्रवाई – चंद्रशेखर तिवारी मीडिया की आवाज दबाने का प्रयास बर्दाश्त नहीं, प्रमोद शर्मा पर हमला पूरे मध्यप्रदेश को शर्मसार करता है – संतोष योगी

 

 

संतोष योगी की खबर  99932 68143

 

भोपाल। ज़ी न्यूज़ के वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद शर्मा पर हुई मारपीट की घटना ने प्रदेश के मीडिया जगत को झकझोर कर रख दिया है। इस गंभीर घटना में प्रमोद शर्मा को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज भोपाल स्थित चिरायु अस्पताल, भवानी चौक में चल रहा है।

घटना को लेकर हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव से मांग की है कि इस मामले में शीघ्र संज्ञान लिया जाए और दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर हमला लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा प्रहार है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

वहीं हेडलाइंस 24 न्यूज़ चैनल के संपादक संतोष योगी ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह घटना देश के चौथे स्तंभ की आवाज को दबाने का प्रयास है। एक बड़े राष्ट्रीय चैनल के निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टर के साथ इस प्रकार की मारपीट की घटना पूरे मध्यप्रदेश को शर्मसार करने वाली है।

संतोष योगी ने कहा कि प्रमोद शर्मा हमेशा निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं और सत्य के साथ खड़े रहते हैं। ऐसे पत्रकार पर हमला यह दर्शाता है कि कुछ लोग आने वाले समय में मध्यप्रदेश में स्वतंत्र मीडिया को खत्म करने की मानसिकता से काम कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि मीडिया को स्वतंत्र रूप से कार्य करने की आज़ादी दी जाए और दोषियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।

इस घटना को लेकर पत्रकार संगठनों और सामाजिक संस्थाओं में भी रोष व्याप्त है। सभी ने एक स्वर में कहा है कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो यह लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए खतरनाक संकेत होगा।

पूरी घटना की सर्वत्र निंदा की जा रही है और निष्पक्ष जांच व त्वरित कार्रवाई की मांग तेज़ हो गई है।