उन्नाव रेप मामले में कुलदीप सेंगर को जमानत के विरोध में भोपाल में मानव श्रृंखला, महिलाओं ने उठाई सुरक्षा की मांग

 

संतोष योगी की खबर 

 99932 68143

 

 

 

 

भोपाल।

उन्नाव रेप पीड़िता के दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर को जमानत दिए जाने के विरोध में आज रविवार, 28 दिसंबर 2025 को ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन, भोपाल द्वारा इकबाल मैदान चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ-साथ छोटी-छोटी बच्चियों ने भी भाग लिया और हाथों में तख्तियां लेकर न्याय की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संगठन की जिला सचिव आरती शर्मा ने कहा कि 2017 के कुख्यात उन्नाव बलात्कार मामले में दोषी कुलदीप सेंगर को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा उम्रकैद की सजा निलंबित कर जमानत दिया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों के दोषियों का जेल से बाहर आने पर स्वागत किया जाना देश के लिए शर्मनाक है। इससे पहले बिलकिस बानो प्रकरण का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों से महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

आरती शर्मा ने कहा कि आज देश में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बन चुकी है। उन्नाव की पीड़िता और उसकी मां द्वारा इंडिया गेट, नई दिल्ली में किया गया विरोध प्रदर्शन इस बात का जीता-जागता उदाहरण है कि पीड़ितों को आज भी अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका बनी रहती है। उन्होंने मांग की कि सरकार और स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करे तथा दोषियों को कड़ी और उदाहरणात्मक सजा दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए।

प्रदर्शन में शामिल बच्चियों ने “उन्नाव की बेटी को न्याय दो”, “देश की हर बेटी को न्याय दो” जैसे नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद की। संगठन ने कुलदीप सेंगर की जमानत तत्काल रद्द करने, उसे पुनः जेल भेजने तथा प्रदेश और देश में महिलाओं-बच्चियों पर बढ़ते अपराधों के लिए जिम्मेदार कारणों—शराब, नशा, अश्लीलता, अपसंस्कृति और पोर्न साइट्स—पर सख्त रोक लगाने की मांग की।

जोरदार नारों के साथ शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन संपन्न हुआ।