राजधानी भोपाल में संपन्न हुआ सेन समाज विकास संगठन का प्रांतीय महाधिवेशन | युवाओं को मिला नेतृत्व, संपादक सुरेश आचार्य ने संभाली युवा प्रदेश अध्यक्ष की कमान
राजधानी भोपाल में संपन्न हुआ सेन समाज विकास संगठन का प्रांतीय महाधिवेशन |
युवाओं को मिला नेतृत्व, संपादक सुरेश आचार्य ने संभाली युवा प्रदेश अध्यक्ष की कमान
संतोष योगी की खबर
99932 68143
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सेन समाज विकास संगठन का भव्य प्रांतीय महाधिवेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर खुलासा न्यूज़ के संपादक सुरेश आचार्य को संगठन का युवा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। जैसे ही आचार्य को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई, पूरे प्रदेश के युवाओं और नारी शक्ति में नया जोश और ऊर्जा देखने को मिली।
कार्यक्रम स्थल पर “आचार्य जी संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” के गगनभेदी नारों से वातावरण उत्साह और आत्मविश्वास से भर गया। आचार्य के पदभार ग्रहण करते ही प्रदेशभर से उनके शुभचिंतकों, समाजजनों और युवाओं की बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें युवा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपते हुए समाज और संगठन में सकारात्मक परिवर्तन की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेलवे भोपाल मंडल के सदस्य श्री कमलेश सेन रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता डी.एस. राजौरिया ने की। मंच का सफल संचालन नव नियुक्त युवा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश आचार्य ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष रामरतन सेन ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश संरक्षक रमेश सेन (सतना) ने संगठन के विकास और भविष्य की दिशा पर प्रकाश डाला। वहीं युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक बंदेवार ने संगठन में एक सशक्त राजनीतिक प्रकोष्ठ के गठन पर जोर देते हुए कहा कि समाज के योग्य और सक्षम लोगों को राजनीतिक क्षेत्र में भी आगे आना चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डी.एस. राजौरिया ने अपने संबोधन में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक सहयोग पहुँचाने का आह्वान किया।
नव नियुक्त युवा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश आचार्य ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा,
“मैं यहाँ केवल भाषण देने नहीं, बल्कि एक संदेश, एक आह्वान और एक ललकार लेकर आया हूँ। हमारा समाज मेहनती, ईमानदार और योग्य है, लेकिन हमें और अधिक संगठित होने की आवश्यकता है। हमारे बच्चे प्रतिभावान हैं, पर उन्हें अवसर नहीं मिल पाते, हमारी बेटियाँ सक्षम हैं, लेकिन उनके सपनों को पूरा करने के लिए मजबूत सिस्टम का अभाव है। अब समय आ गया है बदलाव का, और यह बदलाव आप और हम मिलकर लाएँगे।”
इस प्रांतीय महाधिवेशन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में युवाओं और नारी शक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसने कार्यक्रम को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बना दिया।
