भागीरथपुरा (इंदौर) जल त्रासदी पर कांग्रेस नेता फ़ैज़ान खान का आक्रोश दोषियों पर हत्या का मामला दर्ज कर फांसी की सज़ा की मांग, मोहन सरकार से इस्तीफ़ा देने की अपील

 

 

संतोष योगी की खबर 

 99932 68143

 

 

इंदौर/भोपाल।

भोपाल ज़िला कांग्रेस कमेटी के पूर्व ज़िला उपाध्यक्ष फ़ैज़ान खान ने इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में गंदा पानी पीने से हुई लोगों की मौतों को लेकर तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को सीधी हत्या करार देते हुए दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर फांसी की सज़ा देने की मांग की है।

फ़ैज़ान खान ने कहा कि इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। सैकड़ों लोग बीमार हैं और कई मासूम बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब यह लापरवाही जानलेवा साबित हुई है तो अब तक दोषियों पर हत्या का मामला क्यों दर्ज नहीं किया गया।

खान ने कहा,

“सरकार दो-दो लाख रुपये का मुआवज़ा देकर अपनी ज़िम्मेदारी से बच नहीं सकती। जिनकी वजह से यह त्रासदी हुई है, उन पर हत्या का केस क्यों नहीं?”

उन्होंने मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफ़ा देने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार से भी इस्तीफ़ा देने की अपील की।

फ़ैज़ान खान ने आरोप लगाया कि निगम के जिम्मेदार अधिकारी न तो घटनास्थल पर मौजूद थे और न ही उन्हें इस त्रासदी पर कोई मलाल दिखाई दिया। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने और पीड़ित परिवारों के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता फ़ैज़ान खान ने पुतला दहन करते हुए भावुक शब्दों में कहा,

“किसी का भाई चला गया, किसी की बेटी, किसी के पिता इस दुनिया में नहीं रहे। जिन परिवारों में कमाने वाला कोई नहीं बचा, उनके लिए सरकार के पास कोई संवेदना नहीं है। सरकार में इंसानियत नहीं बची है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि लापरवाही के कारण आज मध्यप्रदेश में चारों तरफ मौत का माहौल है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

अंत में फ़ैज़ान खान ने दोहराया कि

“जब तक दोषियों को सज़ा नहीं मिलती और पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।”