श्री गोविंद गोयल ने दी नववर्ष की शुभकामनाएं रोजगार और किसानों की समस्याओं को बताया प्राथमिकता
श्री गोविंद गोयल ने दी नववर्ष की शुभकामनाएं रोजगार और किसानों की समस्याओं को बताया प्राथमिकता
भोपाल हैडलाइंस संतोष योगी की खबर
भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, समाजसेवी एवं व्यवसायी श्री गोविंद गोयल ने नववर्ष के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नववर्ष नई उम्मीदों और संकल्पों का प्रतीक है तथा सरकार को चाहिए कि वह जनहित के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
श्री गोयल ने कहा कि वर्तमान समय में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन युवा वर्ग के लिए पर्याप्त रोजगार के अवसर सृजित न होना एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि रोजगार सृजन के लिए ठोस और दीर्घकालिक नीतियां बनाई जाएं, जिससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सके।
उन्होंने किसानों की समस्याओं पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र देश की रीढ़ है, ऐसे में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। किसानों को समय पर उचित मूल्य, सिंचाई सुविधा और राहत योजनाओं का लाभ मिलना आवश्यक है।
श्री गोयल ने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि राजधानी का समग्र विकास प्रदेश की प्रगति को नई दिशा देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि रोजगार, किसान और राजधानी विकास जैसे मुद्दों पर गंभीर प्रयास किए जाएं तो आने वाला वर्ष प्रदेश और देश के लिए खुशहाली भरा सिद्ध होगा।
