पेयजल गुणवत्ता और गंदे पानी की शिकायतों पर सख्ती कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने दिए कड़े निर्देश
पेयजल गुणवत्ता और गंदे पानी की शिकायतों पर सख्ती कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने दिए कड़े निर्देश
भोपाल हैडलाइंस जिला ब्यूरो संजय योगी की खबर 7805953532
हरदा/ जिले में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और गंदे पानी से संबंधित शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि नगर पालिका क्षेत्रों में जिन-जिन ट्यूबवेल और बोरिंग के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है, उन सभी जलस्रोतों से तत्काल जल-नमूने संग्रहित किए जाएं। इन नमूनों को अनिवार्य रूप से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अथवा एफएसएसएआई या अन्य मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में परीक्षण हेतु भिजवाया जाए, ताकि पेयजल की शुद्धता सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को बुलाकर नगर पालिका क्षेत्रों में गंदे पानी से जुड़ी सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त सभी शिकायतों की संयुक्त समीक्षा करें। समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्वयं शिकायतकर्ताओं से संवाद कर यह सुनिश्चित करना होगा कि गंदे पानी से संबंधित कोई भी शिकायत लंबित न रहे और सभी प्रकरणों का संतोषजनक निराकरण किया जा चुका हो। कलेक्टर श्री जैन ने स्पष्ट किया कि आमजन को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
