आनंदधाम वरिष्ठजन सेवा केंद्र में कपड़े एवं वॉशिंग मशीन भेंट

 

संतोष योगी की खबर 99932 68143

 

भोपाल।

भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के अनुरूप अंग्रेजी नववर्ष को आत्मसात करते हुए साहित्य सागर परिवार द्वारा आनंदधाम वरिष्ठजन सेवा केंद्र, शिवाजी नगर भोपाल में ‘आत्मीय आमंत्रण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नववर्ष को भारतीय मूल्यों के साथ मनाते हुए वरिष्ठजनों से आशीर्वाद प्राप्त करना रहा।

कार्यक्रम में आनंदधाम के लगभग 25 वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान भजन, मनोरंजन एवं साइबर फ्रॉड से बचाव विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।

इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजक इंजी. अमलराज जैन (लो.नि.वि. सेवानिवृत्त, म.प्र. शासन) उपस्थित रहे। उन्होंने वरिष्ठजनों के सम्मान एवं समाज में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। साहित्य सागर परिवार के सदस्यों ने सेवा एवं संस्कार का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत साहित्य सागर परिवार द्वारा 15 महिला एवं 10 पुरुष वरिष्ठजनों को गर्म कपड़े प्रदान किए गए। साथ ही कपड़े धोने हेतु 08 किलो क्षमता की 02 फुली ऑटोमेटिक वॉशिंग मशीन एवं 01 अतिरिक्त मशीन वरिष्ठजनों की स्मृति में प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त वरिष्ठजनों के लिए 30 गर्म पानी की बोतलें, 02 इलेक्ट्रिक प्रेस, तथा आश्रम में कार्यरत कर्मचारियों को भी गर्म कपड़े वितरित किए गए। कर्मचारियों के छोटे बच्चों को 07 जोड़ी जूते भी दिए गए।

कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठजनों को स्वल्पाहार एवं आत्मीय सम्मान प्रदान किया गया। यह सेवा पहल वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदना एवं सामाजिक दायित्व का प्रेरक उदाहरण बनी।