शिव मंदिर प्रांगण वार्ड 12 अर्जुन नगर में श्रीशिव महापुराण कथा का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा निकाली गई
शिव मंदिर प्रांगण वार्ड 12 अर्जुन नगर में श्रीशिव महापुराण कथा का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा निकाली गई
औबेदुल्लागंज | बजरंग तवर की रिपोर्ट
नगर के वार्ड क्रमांक 12 अर्जुन नगर स्थित भगवान श्रीशिव मंदिर प्रांगण में 5 जनवरी से 12 जनवरी तक श्रीशिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन कथा का वाचन प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित राजेंद्र शास्त्री जी द्वारा किया जा रहा है। आयोजन समस्त नगरवासियों के सहयोग से भोजपुर नारी शक्ति प्रभात फेरी मंडल अर्जुन नगर के तत्वावधान में संपन्न हो रहा है।
कथा के शुभारंभ अवसर पर आज शिव मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा नगर भ्रमण करते हुए श्रीराम मंदिर पहुँची, जहाँ विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात पुनः शिव मंदिर प्रांगण में आकर समापन हुआ। कलश यात्रा में नगर की अनेक माता-बहनें शामिल हुईं, जो भजन-कीर्तन, नृत्य एवं जयकारों के साथ अत्यंत हर्षोल्लास के साथ सहभागिता करती नजर आईं।
श्रीशिव महापुराण कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक किया जाएगा। आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद आरती यादव ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं माता-बहनों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त करें।
कलश यात्रा में नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सोनू चौकसे सहित अनीता पांडे, सुनीता सैनी, कुसुम पटवा, रजबाई, बबली शर्मा, मल्होत्रा यादव, पूजा लोधी, प्रियंका गुप्ता, बचन लोधी, कमलेश लोधी, अरुण भावावर सहित बड़ी संख्या में माता-बहनों ने भाग लेकर आयोजन को भव्यता प्रदान की।
कुल मिलाकर श्रीशिव महापुराण कथा एवं कलश यात्रा ने नगर में भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण का सृजन कर दिया है।
